बहादुरगढ़। जैसे-जैसे होली का त्यौहार नजदीक आ रहा है। वैसे-वैसे बाजार में चहल-पहल बढ़ती जा रही है। बाजार में दुकानें सज गई हैं। हालांकि इन दिनों विद्यार्थियों की परीक्षाएं चल रही है। इसकी वजह से खरीदारी न के बराबर ही है। वहीं दुकानदार भी अगले दो दिनों बाद बिक्री बढ़ने की उम्मीद जता रहे हैं। दुकानदारों का कहना है कि वर्ष 2020, 21 और 22 में कोरोना महामारी के कारण लोग त्यौहारों से दूर हो गए थे। वर्ष 2023 में बिक्री बढ़ी थी। वहीं अब 2024 में होली पर्व को लेकर लोगों में उत्साह नजर आ रहा है।
रेलवे रोड पर दुकानदार विक्रम ने बताया कि दो-तीन वर्षों तक कोरोना महामारी का असर रहने के कारण लोगों ने त्यौहारों से भी दूरी बना ली थी, लेकिन इस बार बाजार में होली पर्व की रौनक कहीं ज्यादा है। दुकानदारों को भी होली पर्व के सामान की खासी बिक्री होने की संभावना है। दुकानदारों का कहना है कि बाजार में रंग, गुलाल के अलावा तरह-तरह की पिचकारियां छाई हुई हैं। अगले दो तीन दिनों बाद बिक्री बढ़ेगी। शहर में नाहरा-नाहरी रोड, रेलवे रोड, मेन बाजार, नजफगढ़ रोड, झज्जर रोड समेत दिल्ली-रोहतक रोड पर होली पर्व को लेकर दुकानें सज गई हैं।