बहादुरगढ़। नवरात्र के अवसर पर कंजक पूजन की तैयारियां जोरों पर हैं। अष्टमी से एक दिन पहले बुधवार को बाजारों में महिलाओं की भीड़ देखने को मिली। महिलाएं कंजकों को देने के लिए गिफ्ट खरीदने में जुटी नजर आईं। मेन बाजार में प्लास्टिक सामान के विक्रेता संदीप कुमार ने बताया कि इस बार छोटे गिफ्ट की मांग ज्यादा बढ़ी है।
उन्होंने कहा कि रंग-बिरंगे पेंसिल बॉक्स, ड्राइंग किट और बच्चों के खिलौनों की बिक्री में उछाल आया है। बाजारों में सुबह से ही चहल-पहल बनी रही जिससे व्यापारियों के चेहरे खिले नजर आए। महिलाओं ने बताया कि कंजक पूजन में बच्चों को उपयोगी वस्तुएं देने का चलन बढ़ रहा है ताकि उपहार उनके काम भी आ सकें।
वहीं मिठाई और पूजन सामग्री की दुकानों पर भी अच्छी खासी भीड़ रही। वीरवार को अष्टमी पर कंजक पूजन किया जाएगा जबकि 27 मार्च को श्रीराम नवमी का पर्व मनाया जाएगा। इसके चलते धार्मिक माहौल के बीच बाजारों में रौनक बनी हुई है। संवाद