बहादुरगढ़। शहर से सटे परनाला गांव में किराना दुकानदार की गोली और चाकू मारकर हत्या करने के 48 घंटे बाद भी आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री ने मामले में कड़ा संज्ञान लेते हुए एसएचओ पवनवीर को लाइन हाजिर करने के आदेश जारी किए हैं। आरोपियों को पकड़ने के लिए लाइनपार थाना के अलावा सीआईए-1, 2 और एवीटी टीमें जुटी हैं। अभी तक उनका कोई सुराग नहीं लगा है। उधर, पीड़ितों की सुरक्षा को लेकर घर पर पुलिस तैनात की गई है।
29 जून रविवार को परनाला गांव में सुबह साढ़े 6 बजे एक किराना दुकानदार सतबीर (58) की गोली और चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी।
हत्या का आरोप गांव के ही दो भाईयों सागर और साहिल के अलावा उनके साथी पर लगा है। हत्या करने के बाद तीनों हथियार लहराते हुए मोटरसाइकिल पर भाग गए थे। लाइनपार थाना पुलिस की कार्रवाई से परिजन शुरुआत से ही असंतुष्ट थे।
अब सीपी डॉ. राजश्री ने कड़ा संज्ञान लेते हुए थाना प्रभारी पवनवीर को लाइन हाजिर किया है।
आरोपियों को मोटरसाइकिल पर हथियार लहराते हुए एक वीडियो भी वायरल हुआ था। पुलिस ने परनाला गांव के साथ-साथ शहरी क्षेत्र के कई इलाकों में सीसीटीवी खंगाले हैं, लेकिन अभी आरोपी पुलिस पकड़ से काफी दूर है।