असम के गुवाहाटी शहर में जारी 16वें एशियन गेम्स में हरियाणा की छोरी ने प्रतिभा का डंका बजा दिया है। इन खेलों की तैराकी स्पर्धा की 200 मीटर फ्री-स्टाइल में रिकार्ड के साथ शिवानी कटारिया ने स्वर्ण हासिल करते हुए देश के लिए पदक जुटाया।
भारतीय तैराकी संघ के सह सचिव अनिल खत्री ने बताया कि 5 फरवरी से शुरू हुए 16वें साउथ एशियन गेम्स में शनिवार को तैराकी स्पर्धा का आयोजन किया गया।
हरियाणा की खिलाड़ी तैराक शिवानी ने एक बार फिर अपने हुनर का बेहतरीन प्रदर्शन किया और स्वर्ण पदक जीता।
तैराकी की 200 मीटर फ्री-स्टाइल में 02 मिनट 08.12 सेकेंड के समय के साथ स्वर्ण अपने नाम करते हुए नया रिकार्ड भी कायम किया।
इससे पहले 02 मिनट 12 सेकेंड का रिकार्ड था। इस बेहतरीन प्रदर्शन से खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है। बता दें कि इससे पहले भी शिवानी अनेक मौकों पर प्रतिभा का सिक्का जमा चुकी हैं।
गत वर्ष नवंबर में गुजरात के शहर राजकोट में हुए 69वें नेशनल गेम्स में शिवानी कटारिया ने दो गोल्ड सहित दो रजत अपने नाम किए थे। साथ ही तैराकी की 200 मीटर स्पर्धा में 2 मिनट 7 सेकेंड का समय निकलते हुए शिवानी ने रियो ओलंपिक के लिए बी-क्वालीफाई करने में भी सफ लता हासिल की थी।
खत्री ने बताया कि +2 की 18 वर्षीय शिवानी इससे पहले जूनियर होते हुए भी पिछले तीन साल से सीनियर वर्ग में मैडल हासिल करती आ रही हैं। यह हरियाणा की तरफ से पहली खिलाड़ी हैं जिसने ओलंपिक के लिए बी-क्वालीफाई किया है।
बहादुरगढ़ में सीखे तैराकी के गुर
तरनताल में जलपरी कही जा रही शिवानी ने तैराकी की एबीसीडी बहादुरगढ़ के निजी स्कूल के स्वीमिंग पुल से सीखी थी। हरियाणा तैराकी संघ के महासचिव अनिल खत्री के मार्गदशन में शिवानी ने 2008 में तैराकी शुरू की थी। अनिल के अनुसार उनको शुरू में ही शिवानी की लगन देखकर विश्वास हो चला था कि यह आगे जाकर जरूर देश का नाम रोशन करेगी।