झज्जर / बहादुरगढ़ । देवोत्थान एकादशी के साथ 23 नवंबर से शुभ विवाह मुहूर्त की शुरुआत हो जाएगी। शुक्र अस्त होने के बाद भी अबुझ मुहूर्त को देखते हुए झज्जर शहर में करीब 350 और बहाुदगढ़ में 100 शादियां होने की उम्मीद है। बाजार को भी शादियों से करोड़ों के कारोबार की संभावना है।
झज्जर शहर की करीब 16 वाटिकाएं व करीब 8 धर्मशालाएं एक महीने पहले ही लोगों ने बुक करवा ली हैं। घोड़ा-बग्घी, बैंड बाजे और डेकोरेशन वाले बुक हो चुके हैं। इस बार शादी के साये अधिक होने की वजह से करोड़ों के कारोबार का अनुमान है। इस सीजन में करीब 350 शादियां शहर में होने की संभावना है। शहनाई वाटिका के संचालक सुभाष गुर्जर ने बताया कि वैवाहिक सीजन को देखते हुए वाटिका को सजाने के काम को अंतिम रूप दे दिया गया हैं। उन्होंने बताया कि 90 हजार से एक लाख रुपये तक की बुकिंग एक शादी में की जा रही हैं। इसमें वाटिका की ओर से करीब 28 वेटर, डीजे, सजावट, जनरेटर उपलब्ध करवाया जाता है। इसके अलावा हलवाई , गैस सिलिंडर व खाने-पीने की व्यवस्था स्वयं शादी वाले परिवार को करनी पड़ती हैं।
शहर के व्यापार मंडल के प्रधान राकेश अरोडा ने बताया कि शादियों का सीजन वीरवार से शुरू हो गया हैं। सभी धर्मशालाएं वैवाहिक सीजन में महीने पहले बुक हो जाती हैं। धर्मशालाओं का किराया करीब 11 हजार रुपये रखा गया है। उन्होंने बताया कि यदि कोई आर्थिक तौर पर कमजोर है तो उसकी की लड़की की शादी के लिए निशुल्क धर्मशाला को दिया जाता हैं। उन्होंने उम्मीद जताई है कि 23 नवंबर से शुरू हो रहे शादियों के सीजन से बाजार गुलजार है। इस सीजन में उपभोक्ताओं द्वारा शादी की खरीदारी और विभिन्न सेवाओं की खरीद से संबंधित खर्च पिछले साल की तुलना में लगभग एक करोड़ रुपये अधिक है।
1500 की वरमाला, तीन हजार में सज रही कार
शहर के राव तुलाराम चौक पर फूल विक्रेता व कार सजाने वाले सुरेश कुमार ने बताया कि 300 से लेकर 1500 रुपये तक वरमाला तैयार हो रही है। लोगों ने इसके लिए पहले से ही बुकिंग करा ली है। जिस दिन अधिक साया है उस दिन उनका रेट भी काफी अधिक रहेगा। सीजन पर बेची जा रही हैं। इसके अलावा दूल्हे की कार को 1500 से लेकर 3 हजार रुपये में सजाने का काम किया जा रहा हैं। उन्होंने बताया कि उतर प्रदेश के काजीपुर से फूल मंगवाएं जा रहे हैं। गेंदे के फूल करीब 60 रुपये प्रति किलोग्राम व गुलाब के फूल 250 रुपये के मिल रहे हैं। विवाह के सीजन में फूलों के दाम दोगुना हो जाते हैं।
7 से 30 हजार तक का लहंगा
फैशन डिजाइनर्स के द्वारा तैयार किए गए ब्राइडल लेहंगा भी पसंद किया जा रहा है। युवतियां हल्के पिस्टल रंग वाले लहंगे पसंद कर रही हैं। बाजार में 7 हजार से लेकर 30 हजार रुपये तक की कीमत वाले डिजाइनर लहंगे उपलब्ध हैं। व्यापारियों को उम्मीद है कि शादी के सीजन में भी गहनों और गाड़ियों की खूब बिक्री होगी।