बहादुरगढ़/रेवाड़ी। युवाओं के स्वरोजगार और उनके स्वावलंबन से जुड़ी हरियाणा सरकार की स्टार्टअप योजना अब रंग दिखाने लगी है। नई दिल्ली के प्रगति मैदान (भारत मंडपम) में आयोजित इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर 2023 में हरियाणा से जुड़े कई ऐसे स्टार्टअप्स को जगह दी गई है, जिसमें प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से एमएसएमई से जुड़े छोटे व्यवसायियों ने हिस्सा लिया है।
हरियाणा मंडप में आधुनिक तकनीक से बनी ई-साइकिल को भी शामिल किया गया है। ई-साइकिलिंग का यह प्रोजेक्ट स्टार्टअप बालावास अहीर (रेवाड़ी) निवासी विकास यादव (34) लेकर आए हैं। विकास इससे पहले जापान की राजधानी टोक्यो में बहुचर्चित कंपनी टेस्ला में नौकरी कर चुके हैं। कोरोना काल में उनकी नौकरी चली गई, जिसके बाद भारत लौटकर उन्होंने अपने गृह स्थान रेवाड़ी में खुद का स्टार्टअप शुरू करने की ठानी। उनके इस स्टार्टअप को दिल्ली के प्रगति मैदान में ट्रेड फेयर में जगह मिली। यह साइकिल लोगों के दिलों पर छाई हुई है।
मेक इन इंडिया के स्लोगन से प्रेरित होकर विकास ने मेक इन हरियाणा को अपना लक्ष्य बनाया। उन्होंने पैनासोनिक बैटरी सेल से बैटरी पैक तैयार किया जो ई-साइकिल के लिए परफेक्ट है। यह ई-साइकिल सभी वर्गों को देखते हुए तैयार की गई है। इस ई-साइकिल में ग्रामीण क्षेत्र में 50 से 60 किलोमीटर जाने के लिए मात्र 3 रुपये का खर्च आता है और वहीं शहरी क्षेत्र में यह खर्च 5 रुपये तक आता है।
नई दिल्ली के प्रगति मैदान में चल रहे ट्रेड फेयर में हरियाणा मंडप में आधुनिक तकनीक से बनी ई-साइकिल छाई हुई है। यह स्वास्थ्य के साथ-साथ पर्यावरण सहेजने में भी मददगार है। हरियाणा में बने ई-साइकिलिंग का यह प्रोजेक्ट स्टार्टअप रेवाड़ी के विकास यादव लेकर आए हैं।
तीन समस्याओं का एक समाधान
ई-साइकिलिंग का प्रोजेक्ट शुरू करने वाले विकास कहते हैं कि कोरोना काल के हालात और आम जनमानस के स्वास्थ्य को देखते हुए उन्होंने ई-साइकिल बनाने का निश्चय किया। मेक इन इंडिया के स्लोगन से प्रेरित होकर विकास ने मेक इन हरियाणा को अपना लक्ष्य बनाया। उन्होंने पैनासोनिक बैटरी सेल से बैटरी पैक तैयार किया, जो ई-साइकिल के लिए उपयुक्त है। यह ई-साइकिल सभी वर्गों को देखते हुए तैयार की गई है। इस ई-साइकिल में ग्रामीण क्षेत्र में 50 से 60 किलोमीटर जाने के लिए मात्र तीन रुपये का खर्च आता है और वहीं शहरी क्षेत्र में यह खर्च 5 रुपये हो जाता है।
खासियत : फ्रंट, मिड और रेयर ड्राइव तीनों विकल्प
विकास ने बताया कि यह भारत की पहली साइकिल कंपनी है, जिसके पास ई-साइकिल में फ्रंट ड्राइव, मिड ड्राइव और रेयर ड्राइव के विकल्प मौजूद हैं। विकास के अनुसार, उन्होंने विदेशों में एक्सपोर्ट के लिए सैंपल कोरिया, नीदरलैंड और साउथ अफ्रीका में भेजे हैं। उनके इस स्टार्टअप को विदेशों में भी अच्छा रिस्पांस देखने को मिला है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार की बेहतरीन व्यापारी हितैषी नीतियों एवं योजनाओं के कारण ही यह संभव हो पाया है ।