बहादुरगढ़। तीन महीने पहले लाइनपार के रेलवे पार्क में हुए ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। नशे की हालत में बीड़ी मांगने पर शीतला प्रसाद को मौत की घाट उतारा गया था। इस संबंध में पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
दरअसल, उत्तर प्रदेश के जौनपुर का निवासी शीतला प्रसाद गत 6 अक्तूबर को अपने घर से निकला था। अगले दिन 7 अक्तूबर को वह बहादुरगढ़ के लाइनपार में रह रही अपनी मौसी के पास आया। रात को खाना खाकर वह निकल गया था और उसके बाद न तो मौसी के घर आया और न ही अपने गांव लौटा। गत 12 अक्तूबर 2023 की सुबह लाइनपार के रेलवे पार्क में फुटपाथ के पास उसका शव आपत्तिजनक हालत में खून से लथपथ मिला था। पत्थर से वार करके उसे मौत के घाट उतारा गया था। तब परिजनों के बयान पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज हुआ था। इस ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी को सुलझाने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। खूब भागदौड़ की, लेकिन आरोपी का कुछ पता नहीं चल सका। अब हाल ही में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में उसने वारदात कबूल कर ली है। आरोपी की पहचान अशरफ के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले का रहने वाला है और यहां बहादुरगढ़ के नेहरू पार्क में कुछ समय से रह रहा है। गत 11 अक्तूूबर की रात को अशरफ रेलवे पार्क में था और शीतला प्रसाद भी वहीं पर टहल रहा था। दोनों नशे की हालत में थे। बताते हैं कि बीड़ी मांगने पर दोनों में विवाद हुआ और इस दौरान शीतला प्रसाद की हत्या कर दी गई। वारदात के बाद से अशरफ छिपता फिर रहा था। कुछ समय पहले उसने किसी के सामने उस घटनाक्रम का जिक्र किया तो भनक पुलिस को लग गई। जीआरपी ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी राजकुमार का कहना है कि तीन महीने पहले हुई हत्या की वारदात सुलझा ली है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।