झज्जर। शहर के तीन पार्कों को जल्द ही चमकाया जाएगा। नगर परिषद की तरफ से शहर के बहादुरगढ़ रोड स्थित शहीदी पार्क, सांपला रोड स्थित मंगलीराम पार्क और डाकखाने के पास स्थित अग्रसेन पार्क का जीर्णोद्धार किया जाएगा।
नगर परिषद की तरफ से शहर के इन तीनों पार्कों पर 5 करोड़ 67 लाख 41 हजार रुपये की राशि खर्च की जाएगी। नगर परिषद ने तीनों पार्कों के सुंदरीकरण और विकास के लिए ऑनलाइन टेंडर लगाए हैं। इसके लिए 28 जनवरी तक ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं। उसके बाद इसकी टेक्निकल और फाइनेंशियल बिड खोली जाएगी। सबसे कम रेट भरने वाली व निर्धारित नियमों को पूरा करने वाली फर्म को टेंडर जारी किए जाएंगे। नगर परिषद की तरफ से इन पार्कों में विकास के कार्यों के लिए मुख्यालय से प्रशासनिक मंजूरी मांगी हुई थी। कुछ समय पहले ही नगर परिषद को प्रशासनिक मंजूरी मिली है। टेंडर ओपन होने के बाद तीनों पार्कों में विकास के काम करवाए जाएंगे।
तीनों पार्कों में लगाए जाएंगे झूमे
नगर परिषद की तरफ से तीनों पार्कों में बच्चों के लिए झूले लगवाए जाएंगे, ताकि सुबह-शाम बच्चे खेल सके। अग्रसेन और मंगलीराम पार्क में 6 फव्वारे, 54 वाट की 67 एलईडी लाइट, 126 सजावटी पोल, दो फाउंटेन, तीन से 12 तक के बच्चों के लिए 2 जंगल रंगल प्ले जोन, तीन जिराफ स्लाइड्स, चार वंडरप्ले सी-सॉ, चार सीढ़ियों, पुल की रेलिंग, स्लाइडों के लिए वंडर प्ले स्लाइड, तीन ग्राउंड लेवल क्लाइंबर, चार ग्राउंड लेवल डक स्प्रिंग राइडर, चार रोलिंग स्विंग, चार ट्विन स्विंग सामग्री, दो सैटेलाइट क्लाइंबर लगाए जाएंगे। इसी प्रकार से शहीदी पार्क में सामान लगाया जाएगा। इसके अलावा अन्य विकास के काम भी करवाए जाएंगे।
शहीदी पार्क में कुछ समय पहले ही लगवाया जिम का सामान
शहीदी पार्क में कुछ माह पहले ही जिम का सामान लगाया गया है। यह सामान बीच में टूट गया था, संबंधित फर्म उसे उतारकर वापस ले गई थी। उसके बाद उसे ठीक करके पार्क में लगाया गया है।
वर्जन
शहर के तीन पार्कों का सुंदरीकरण के अलावा इनमें बच्चों के झूले लगवाए जाएंगे। तीनों पार्कों पर लगभग 5.67 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। इसके लिए ऑनलाइन टेंडर लगा दिए जाएंगे।
- जिले सिंह सैनी, चेयरमैन, नगर परिषद, झज्जर