बहादुरगढ़। शहर के सेक्टर-2 स्थित शहीद राजगुरु पार्क का बोर्ड शरारती तत्वों ने काले पेंट से पोत दिया। इससे आरडब्ल्यूए सेक्टर-2 में काफी रोष व्याप्त है। थाना सेक्टर-6 पुलिस को शिकायत दी गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अभी किसी के खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है। पार्क के आसपास लगे सीसीटीवी खंगाले जा रहे है।
आरडब्ल्यूए सेक्टर 2 के प्रधान गुलाब मालिक ने बताया कि सेक्टर 2 में पार्क नंबर 5 शहीद राजगुरु के नाम पर है। पार्क के बाहर शहीद राज गुरु के नाम का बोर्ड लगा हुआ है। किसी शरारती तत्व द्वारा उक्त बोर्ड पर स्प्रे पेंट से पोत दी गई। इससे एसोसिएशन में काफी रोष व्याप्त है। ऐसे महापुरुषों के नाम के बोर्ड पर कालिख पोतना बेहद ही शर्मनाक कार्य है। जिसके द्वारा भी ऐसा कार्य किया गया है उसका पता लगना चाहिए। उसे सजा दी जानी चाहिए। सेक्टर 6 थाना प्रभारी जितेंद्र का कहना है कि आरडब्ल्यूए सेक्टर 2 की तरफ से शिकायत मिली है। जांच की जा रही है। पार्क के आसपास लगे सीसीटीवी की मदद ली जा रही है। जल्द ही आरोपी का पता लगाया जाएगा।