बहादुरगढ़। शहर के वार्ड 18 की कई कॉलोनियों में पनपी सीवरेज समस्या का अब जल्द समाधान हो जाएगा। 50 लाख की लागत से नई सीवर पाइपलाइन डालने का कार्य किया जाएगा। इससे कई कॉलोनियों के लोगों को समस्या से निजात मिलेगी। विधायक राजेश जून ने नारियल फोड़कर कार्य का शुभारंभ किया। यहां पहुंचने पर विधायक का पूर्व पार्षद युवराज छिल्लर व कॉलोनी वासियों ने फूल माला पहनाकर स्वागत किया। वहीं वर्षों पुरानी सीवरेज ओवरफ्लो रहने की समस्या का स्थाई समाधान कराने के आश्वासन पर लोगों ने विधायक का आभार भी जताया।
विधायक राजेश जून ने कहा कि वार्ड 18 में वर्षों पुरानी समस्या का स्थाई समाधान होगा। नई सीवर पाइपलाइन डाली जाएगी। वार्ड वासियों ने बताया कि धर्म विहार और विवेकानंद नगर में पिछले कई वर्षो से हमेशा सीवर ओवरफ्लो के कारण कॉलोनी के निवासी नारकीय जीवन जीने को मजबूर थे, मगर विधायक राजेश जून द्वारा अब यहां पर नई सीवर की पाइपलाइन डलवाई जा रही है, जिससे कॉलोनी के लोगों में खुशी की लहर है। विधायक राजेश जून ने कहा कि वार्ड 18 के कॉलोनी के लोगों ने उनसे मिलकर सीवर ओवरफ्लो रहने की समस्या का समाधान करने की मांग की थी। अब 50 लाख रुपये की लागत से कॉलोनी की गली नंबर 19, 20, 21, 22 मेन लाईन से जोड़ा जाएगा जोकि परनाला से एमआईई की तरफ सड़क जाती है। धर्म विहार व विवेकानंद नगर दोनों कॉलोनी एक सीवर लाइन पर चलती है। अब यहां पर अलग-अलग सीवर लाइन डाली जाएगी। इस अवसर पर जेई दलबीर देशवाल, ठेकेदार राजकुमार, युवराज छिल्लर, राजेंद्र दहिया, मेहर सिंह दहिया, विजय, विजय जून, धर्मवीर, नारायण, वीरेंद्र, प्रकाश अहलावत, रमेश राठी, अर्जुन, भगवान दास शर्मा, जीत सिंह अहलावत, नरेश, सुरेंद्र, चंद्र राठी, अमित, राजेश, रोशन लाल सहित अन्य मौजूद रहे।