झज्जर। जिले ने एक बार फिर खेलों में अपनी ताकत और प्रतिभा का लोहा मनवाया है। कोच हितेश देशवाल के कुशल प्रशिक्षण में झज्जर के महर्षि दयानंद सरस्वती स्टेडियम में अभ्यास करने वाले सात होनहार मुक्केबाजों का चयन खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता बिहार में 9 से 14 मई तक आयोजित की जाएगी।
खेलों इंडिया यूथ गेम्स में झज्जर के सात मुक्केबाज प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाने उतरेंगे। इसमें चयनित मुक्केबाजों 60 किलोग्राम भार वर्ग में अंजली, 65 किलोग्राम भार वर्ग में मौसम सुहाग, 80 किलोग्राम भार वर्ग में सागर, 85 किलोग्राम भार वर्ग में गौरव कादयान, 75 किलोग्राम भार वर्ग में दीपांशु गुलिया, 90 किलोग्राम भार वर्ग में हेमंत सांगवान, 66 किलोग्राम भार वर्ग में प्राची चाहर शामिल है। इन सभी खिलाड़ियों की सफलता के पीछे न केवल उनका कठिन परिश्रम है बल्कि उनके कोच हितेश देशवाल की अथक मेहनत और प्रेरणादायक मार्गदर्शन भी हैं।
कोच हितेश ने बताया कि यह मुक्केबाज पिछले कई महीनों से सुबह-शाम अनुशासन और लगन के साथ अभ्यास कर रहे थे। अब उन्हें खेलो इंडिया जैसे राष्ट्रीय स्तर के मंच पर खुद को साबित करने का अवसर मिला है। इस अवसर पर हरियाणा मुक्केबाजी संघ के अध्यक्ष मेजर सतपाल संधू, जिला अध्यक्ष सोमबीर अहलावत, जिला मुख्य संरक्षक सूरजभान जाखड़, हरियाणा मुक्केबाजी महासचिव रवींद्र पन्नू, डायरेक्टर एडमिनिस्ट्रेशन ओमवीर हुड्डा, ओलंपियन एवं अर्जुन अवॉर्डी जयभगवान और ओलंपियन अखिल कुमार, प्रवीर गहलोत हरियाणा मुक्केबाजी खजांची ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।