बहादुरगढ़। हरियाणा रेसलिंग एसोसिएशन द्वारा सीनियर स्टेट रेसलिंग चैंपियनशिप की तिथियों की घोषणा कर दी गई है। राज्यस्तरीय प्रतियोगिता 4 और 5 दिसंबर को हिसार के उमरा में स्थित एशियन पब्लिक स्पोर्ट्स स्कूल में होगी। चैंपियनशिप के आधार पर खिलाड़ियों का चयन गुजरात के अहमदाबाद में 12 से 14 दिसंबर तक होने वाली सीनियर नेशनल रेसलिंग चैंपियनशिप के लिए किया जाएगा।
एसोसिएशन के महासचिव डॉ. राकेश सिंह सांगवान ने बताया कि राज्यभर से दर्जनों टीमें इसमें हिस्सा लेंगी। पहले दिन 4 दिसंबर को फ्री स्टाइल श्रेणी में 57, 61, 65, 70 व 74 किलोग्राम, ग्रीको रोमन श्रेणी में 55, 60, 63 व 67 किलो तथा महिला वर्ग में 50, 53, 55, 57 व 59 किलोग्राम भारवर्ग के मुकाबले होंगे।
दूसरे दिन 5 दिसंबर को फ्री स्टाइल श्रेणी के तहत 79, 86, 92, 97 व 125 किलो, ग्रीको रोमन में 72, 77, 82, 87, 97 व 130 किलो तथा महिला वर्ग के 62, 65, 68, 72, 76 किलोग्राम भारवर्ग के मुकाबले होंगे। सुबह 8 बजे से 9 बजे तक वजन मापने की प्रक्रिया चलेगी। खिलाड़ियों के लिए 2 किलोग्राम वजन सहनशीलता का प्रावधान रखा गया है। आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।