झज्जर। जिले के सभी उपमंडल अधिकारी (ना.) जब भी किसी गांव का दौरा करें तो सरकारी स्कूल, राशन डिपो व आंगनबाड़ी केंद्र में किसी एक का निरीक्षण अवश्य करें। गांव में अटल सेवा केंद्र, कॉमन सर्विस सेंटर पर भी सेवाओं के बारे फीडबैक प्राप्त करें। डीसी शक्ति सिंह ने लघु सचिवालय स्थित कांफ्रेंस हॉल में ये निर्देश शुक्रवार को आफिसर्स बोर्ड की बैठक में योजनाओं की समीक्षा करते हुए दिए। एसपी वसीम अकरम ने भी मातहतों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
डीसी ने कहा कि गांवों में फसलों की गिरदावरी के दौरान संबंधित किसान, नंबरदार या किसी अन्य मौजिज आदमी की उपस्थिति दर्ज की जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की शिकायत न मिलें। उन्होंने मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल पर आने वाली ग्रीवांसेज का भी समय के भीतर निपटाने के निर्देश दिए। राजस्व विभाग के पटवारी क्षेत्र में होने वाली घटनाओं की भी रिपोर्ट प्रशासन को उपलब्ध कराएं। डीसी ने मुख्यमंत्री की घोषणाओं से संबंधित परियोजनाओं की विभागवार जानकारी ली। संबंधित अधिकारियों से कहा कि परियोजनाओं को समय पर पूरा कराना सुनिश्चित करें। सामग्री की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दें। इसी प्रकार सीएम विंडो, सीपी ग्राम व एसएमजीटी के माध्यम से आने वाली शिकायतों को भी समय पर निपटाएं। इसी तरह ग्राम संरक्षक स्कीम के तहत ग्राम गोद लेने के लिए भी सभी अधिकारी पंजीकरण कराना सुनिश्चित करें। डीसी ने गांव गोरिया में जलभराव व भूजल की गुणवत्ता को लेकर सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय कमेटी का गठन करने के निर्देश दिए।
वहीं वहीं बैठक में एसपी वसीम अकरम ने भी ड्रग फ्री झज्जर मुहिम के बारे में बताया कि जिला प्रशासन ने 9466102800 व 8930305020 हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। डीसी व एसपी कार्यालय में इन नंबरों की मॉनीटरिंग की जा रही है। इस अवसर पर एडीसी जगनिवास, डीएमसी प्रदीप कौशिक, बहादुरगढ़ के एसडीएम भूपेंद्र सिंह, झज्जर की एसडीएम शिखा, बेरी के एसडीएम रविंद्र कुमार, डीएसपी नरेश कुमार, सीटीएम परवेश कादियान आदि मौजूद रहे।