एसडीएम अभिनव सिवाच ने वीरवार को गांव नूना माजरा का अधिकारियों के साथ दौरा कर क्षेत्र में अवैध रूप से बनाए गए वेस्ट प्लास्टिक भंडारण स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान वेस्ट प्लास्टिक भंडारण के कार्य को तुरंत प्रभाव से बंद करने के कड़े निर्देश दिए।
एसडीएम ने ग्राम सरपंच की मौजूदगी में गांव नूना माजरा क्षेत्र में बनाए गए वेस्ट प्लास्टिक भंडारण स्थलों को लेकर संबंधित व्यक्तियों को पंचायती राज अधिनियम के तहत कड़ी हिदायत जारी की। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर इन स्थलों से वेस्ट प्लास्टिक को हटाया जाए।
विज्ञापन
एसडीएम अभिनव सिवाच ने क्षेत्र की सभी ग्राम पंचायतों से आह्वान करते हुए कहा कि सभी ग्राम सरपंच यह सुनिश्चित करें कि उनके गांव में किसी भी भूमि पर अवैध रूप से वेस्ट प्लास्टिक का भंडारण न किया जाए।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में यदि कहीं भी वेस्ट प्लास्टिक का अवैध भंडारण पाया तो कार्रवाई की जाएगी। मौके पर बीडीपीओ सुरेंद्र खत्री, सरपंच राकेश राठी सराय औरंगाबाद और सरपंच मास्टर जय भगवान नूना माजरा मौजूद रहे।