झज्जर। कोरोना काल के दौरान लगे लॉकडाउन के कारण बंद हुए स्कूल शुक्रवार को एक बार फिर से गुलजार हो गए। 89 दिन बाद खोले गए स्कूलों में बच्चों के आगमन की तैयारी पहले ही कर ली गई थी। शुक्रवार को पहले दिन सरकारी स्कूलों में 27 प्रतिशत व निजी विद्यालयों में करीब 30 प्रतिशत विद्यार्थी पहुंचे हैं।इस दौरान करीब 15 हजार विद्यार्थियों ने शिक्षा ग्रहण किया।
उधर, शिक्षा विभाग की तरफ से नौवीं से 12वीं तक के विद्यार्थी पढ़ाई नियमित रूप से करने के लिए स्कूल खोले गए हैं। एमआईएस पोर्टल पर दी गई जानकारी के अनुसार जिले के 417 वरिष्ठ माध्यमिक व उच्च विद्यालयों में नौंवीं से बारहवीं तक के 48970 बच्चे स्कूलों में शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। जिससे करीब 15224 विद्यार्थी स्कूलों में पहुंचे हैं। हालांकि 23 जुलाई से छठी से आठवीं तक के विद्यार्थी भी स्कूलों में पहुंचेंगे।
स्कूल में पहुंचने वाले हर बच्चे की गेट पर स्क्रीनिंग करवाई गई। इसके अलावा एक विद्यार्थी को एक बेंच पर बैठाने की व्यवस्था की गई है। सभी कमरों में सैनिटाइजर का छिड़काव स्कूलों की तरफ से करवाया गया है। इसके अलावा स्कूलों में सोशल डिस्टेंसिंग, सैनिटाइजर, मास्क की भी व्यवस्था की गई है, ताकि संक्रमण से बचा जा सके। सरकारी स्कूलों के अलावा निजी स्कूलों में भी सुबह ही बच्चे तैयार होकर पहुंचे। करीब तीन माह के बाद बच्चों के लेने व घर छोड़ने के लिए बसों के पहियों पर लगे ब्रेक भी शुक्रवार की सुबह हट गए हैं। स्कूलों के वाहन भी अब सड़कों पर दौड़ते नजर आ रहे हैं।
-------
वर्जन
स्कूलों में नौवीं से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को बुलाया गया है। पहले दिन काफी कम संख्या में बच्चे स्कूलों पहुचे हैं। अब स्कूलों में कक्षाएं नियमित रूप से चलाई जाएंगी ताकि पढ़ाई निरंतर रूप से हो सके।
- बीपी राणा, जिला शिक्षा अधिकारी, झज्जर।