सोनीपत। गांव गढ़ी बिंदरौली के निकट पश्चिमी यमुना लिंक नहर के पास शुक्रवार सुबह एक कार की टक्कर से स्कूल बस अनियंत्रित होकर पलट गई। गनीमत रही कि हादसे में बस चालक और बस में सवार एक बच्चा बाल-बाल बच गए। बस में बच्चे कम होने से बड़ा हादसा टल गया। वीएसपीके इंटरनेशनल स्कूल की बस मैप्सो सिटी से बच्चों को लेने के लिए निकली थी। गांव गढ़ी बिंदरौली के पास पश्चिमी यमुना लिंक नहर पर एक कार ने बस के पिछले हिस्से में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
विज्ञापन
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जानकारी जुटाकर जांच शुरू की। चौकी प्रभारी रविंद्र ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार की बस के पिछले हिस्से में टक्कर लगने से बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस चालक राठधना निवासी दीपक की ओर से फिलहाल कोई शिकायत नहीं दी गई है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।