झज्जर। सैयद मुश्ताक अली ट्राॅफी क्रिकेट मैच में झज्जर निवासी सामंत जाखड़ ने 14 गेंदों में दो चौकों व तीन छक्कों की मदद से 31 रन बनाए। इसके साथ ही सामंत ने 17वें ओवर में छक्कों की हैट्रिक लगाई और दो विकेट हासिल किए।
हरियाणा और मुंबई की टीम के बीच खेले गए मैच में मुंबई की टीम ने चार विकेट से जीत दर्ज की। पुणे के डीवाई पाटिल अकादमी अंबी में मैच खेला गया। मुंबई की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए हरियाणा की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में तीन विकेट पर 234 रन बनाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की टीम ने 17.3 ओवर में छह विकेट पर 238 रन बनाकर जीत दर्ज कर ली। इस दौरान गेंदबाजी में सामंत जाखड़ ने 3.3 ओवरों में 42 रन देकर दो विकेट हासिल किए। इसके साथ ही सामंत जाखड़ ने यशस्वी जयसवाल का विकेट भी हासिल किया। हरियाणा का अगला मैच 16 दिसंबर को हैदराबाद की टीम के साथ होगा।