संवाद न्यूज एजेंसी
झज्जर। नगर परिषद कार्यालय के सभागार में आयोजित सदन की बैठक में जमकर हंगामा हुआ। चार घंटे चली हाउस की बैठक में स्वतंत्रता सेनानी पंडित श्रीराम शर्मा पार्क का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। बैठक में मांग की गई कि 1178 गज जमीन के बजाय पूरी 4425 गज जमीन ली जाए। वहीं सात पार्षद सदन की कार्रवाई के बीच बैठक से चले गए। हालांकि कुछ देर बाद एक पार्षद वापस भी आ गया।
बैठक में विधायक गीता भुक्कल ने इस मामले में कमेटी गठित कर जांच करवाने की मांग की, ताकि मामले में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि नप अधिकारियों की गलती की वजह से कोर्ट में पैरवी सही नहीं हुई, जिससे जमीन हाथ से निकल गई। पार्षदों ने एकजुटता दिखाते हुए कहा कि 4425 गज जमीन पूरी मिलनी चाहिए, जिस पर ओपन थिएटर, बच्चों का पार्क व पंडित श्रीराम शर्मा स्मारक को दोबारा से भव्य स्तर पर बनाया जा सके।
झज्जर की विधायक गीता भुक्कल पूरी तैयारी के साथ सदन में पहुंचीं, जबकि नप चेयरमैन जिले सिंह सैनी बिना किसी तैयारी के सदन की बैठक में पहुंचे। उनके पास न तो कोई फाइल थी और नहीं दस्तावेज था। वहीं विधायक गीता भुक्क्ल ने सीधा सवाल दागते हुए चेयरमैन जिले सिंह सैनी से पूछा कि किस अधिकार के तहत 4425 गज जमीन के बजाय 1178 गज जमीन पर साइन किए गए।
विधायक गीता भुक्क्ल के सवालों का जवाब देते हुए नप चेयरमैन जिले सिंह सैनी ने बताया कि उसका पूरा अधिकार है, क्योंकि वह नगर परिषद के अध्यक्ष हैं। उन्होंने बताया की 1178 गज जमीन लीज पर नप की ओर से ली गई है और 4425 गज जमीन और लेने के लिए कागजी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि रामलीला मंचन को लेकर 1178 जमीन गज जमीन ली गई है, ताकि शहर की भावनाएं आहत न हो और रामलीला का मंचन 1178 गज जमीन के परिसर में हो सके।
विधायक ने सवाल किया कि नप के कितने वकील हैं और नगर परिषद प्रबंधन उन्हें जमीन के सत्यापित कागज दस्तावेज दिखाएं। विधायक ने नप ईओ से सवाल पूछते हुए कहा कि श्रीराम पार्क की जमीन के असली कागजात उन्हें व सदन को दिखाएं। उन्होंने बताया कि ईओ के साइन इस लीज दस्तावेज पर क्यों नहीं है, जिस पर ईओ कृष्ण यादव ने कहा कि लीज पर वक्फ बोर्ड के ईओ के साइन है, उसकी तरफ से कोई साइन नहीं किए गए हैं।
नप के अधिकारियों की कार्यशैली सदन को लगी संदिग्ध
बैठक में विधायक ने ईओ से डीएमओ को बुलाने को कहा। कुछ देर बार डीएमसी जगनिवास भी पहुंच गए। वहीं डीएमसी ने आवेश में आए पार्षदों को बैठने के लिए कहा कि नप व स्वयं उन्हें नहीं पता कि कब पंडित श्रीराम शर्मा पार्क की 1178 गज की जमीन की लीज पर लिया गया है और क्या कार्रवाई अमल में लाई गई है?
उन्होंने पंडित श्रीराम शर्मा की जमीन के मामले से हाथ खींचते हुए कहा कि उन्हें कुछ जानकारी नहीं है। वही पार्षदों ने नप चेयरमैन व डीएमसी से पूछा कि जब 1178 जमीन गज जमीन ही लेनी थी तो चेयरमैन 4425 गज जमीन भी ले सकते थे, लेकिन 1178 गज जमीन पर ही सहमति क्यों जताई। इस पर लेकर जिसको लेकर बहस हुई।
विधायक ने मोबाइल फोन में दिखाया विधानसभा में उठाए गए मुद्दों का वीडियो
विधायक गीता भुक्क्ल ने पंडित श्रीराम शर्मा पार्क की जमीन के मुद्दे को विधानसभा में उठाते हुए का वीडियो अपने मोबाइल फोन में दिखाया। उन्होंने कहा कि उसने पंडित श्रीराम शर्मा महान स्वतंत्रता सेनानी थे। उनके नाम पार्क की जमीन को लेकर विधानसभा में मुद्दा उठाया था। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में झज्जर की नगर परिषद की बेइज्जती हुई है। क्योंकि स्वतंत्रता सेनानी के नाम की जमीन को खुर्द-बुर्द करने का काम किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब जमीन 4425 गज है तो 1178 गज जमीन मस्जिद के पीछे क्यों ली गई। यह जमीन आगे भी ली जा सकती थी, लेकिन उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि अध्यक्ष की कार्यशैली व नगर परिषद के अधिकारियों के कार्यशैली संदिग्धता के घेरे में है।
विधायक गीता भुक्कल बार-बार पूछती रहीं, कहां है नप का वकील
बैठक में झज्जर की विधायक गीता भुक्कल ने ईओ कृष्ण यादव से बार-बार पूछा कि पंडित श्रीराम शर्मा पार्क का मुकदमा लड़ने वाले वकील कहां हैं, उन्हें सदन में बुलाया जाए और जानकारी ली जाए, लेकिन ईओ बार-बार फोन करते रहे, लेकिन वकील उनको बेरी होने की बात कहते रहे। बार-बार वकील को फोन करने के बाद भी वह सदन की कार्रवाई में नहीं पहुंचे। इस पर नप ईओ की काफी फजीहत हुई। हालांकि बाद कई बार फोन मिलाने के बाद सचिव ने फोन उठाया तो उन्होंने कहा कि वकील मेरे साथ बहादुरगढ़ हैं।
महिला पार्षदों के प्रतिनिधि पहुंचे बैठक में
बैठक में शुक्रवार को नप कार्यालय में हुई। बैठक में जहां आठ महिला पार्षद पहुंचीं, वहीं उनके प्रतिनिधि भी पहुंचे। हालांकि अधिकतर महिला प्रतिनिधियों ने सदन में पंडित श्रीराम शर्मा पार्क को लेकर कोई भी बातचीत नहीं की, जबकि उनके प्रतिनिधि नप अध्यक्ष जिले सिंह सैनी से सवाल करते नजर आए। कई महिला पार्षद शांत बैठी रहीं।
बैठक में ये पार्षद रहे मौजूद
नगर परिषद की नप उपाध्यक्ष अंशुल गर्ग, टेकचंद, मीना देवी, हैप्पी शर्मा, भगवंती देवी, दिनेश यादव, सुषमा रानी, मंजू रानी, दिनेश छिकारा, यशपाल, सवीना देवी, शशिबाला, नरेश कुमार, सविता यादव, हिमांशु, किशोर कुमार, जयपाल, ज्योति देवी बैठक में मौजूद रहे। पार्षद मिथुन किसी कारण सदन की बैठक में नहीं आए।