अस्पताल में उपचाराधीन सरपंच सुभाष।
- फोटो : Jhjhar
शहर के सिलानी गेट पर अपने कार्यालय मे बैठे मुनीमपुर के सरपंच सुभाष पर तीन युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने सरपंच पर फायर भी किए। गोली लगने से सरपंच घायल हो गया। इसी बीच उन्होंने एक हमलावर को भी दबोच लिया। मारपीट के दौरान हमलावर घायल हो गया। घायल अवस्था में सरपंच सुभाष को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं घायल युवक को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिर बाद में घायल सरपंच को रोहतक के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके से अवैध हथियार व तीन खोल तथा दो गोलियां बरामद की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सिलानी गेट के नजदीक बने कार्यालय में बैठे मुनीमपुर गांव के सरपंच के पास गाड़ी में सवार होकर तीन युवक आए थे। तीनों युवकों ने बताया कि वे उसके खिलाफ लगी आरटीआई को उठवा देंगे, अगर वो 20 लाख रुपये की राशि सोमबीर पुत्र कृष्ण, कुलदीप पुत्र साहब सिंह, भूपेंद्र पुत्र धर्मबीर को दे दें। लेकिन जब उसने यह राशि देने से इनकार कर दिया तो एक बार तीनों युवक गाड़ी के पास गए। एक युवक ने गाड़ी को वापस मोड़ लिया और दूसरा युवक हथियार लेकर उसके कार्यालय पर आया और गोलियां चलानी शुरू कर दी। इस दौरान एक गोली उसकी आंख के पास लगी। इस दौरान उसने एक युवक को मौके पर ही दबोच लिया। मारपीट के दौरान युवक भी घायल हो गया। घायल युवक ने अपना नाम राहुल पुत्र राजेश निवासी बादली बताया है। जबकि दो अन्य युवकों के नाम ठीक से नहीं बता पाया।
अस्पताल में पुलिस बल तैनात
सरपंच पर गोली चलाने के आरोपी युवक राहुल का सामान्य अस्पताल में इलाज चल रहा है। सुरक्षा की दृष्टि से सामान्य अस्पताल में भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है। आरोपी को कहीं पुलिस हिरासत से बदमाश छुड़ा न ले जाएं, इसके लिए पुलिस के द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
घटना की सूचना मिलने पर शहर व सदर थाना पुलिस टीमों के अलावा सीआईए की टीम मौके पर पहुंच कर मौका मुआयना किया है। सरपंच को रोहतक के निजी अस्पताल में रेफर किया गया है। बयान दर्ज होने के बाद मामला दर्ज किया जाएगा। एक आरोपी को मौके से पकड़ा है तथा अवैध हथियार भी बरामद किया गया है।
रोशनलाल, एसएचओ, शहर पुलिस थाना झज्जर।