विजेता प्रतिभागियों के साथ सूर्या फाउंडेशन के पदाधिकारी।
बहादुरगढ़। सूर्या फाउंडेशन आदर्श गांव योजना के तहत गांव रोहद में चल रही सात दिवसीय खेल कूद प्रतियोगिता का बुधवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता के अंतिम दिन सूर्या फाउंडेशन आदर्श गांव योजना के प्रमुख प्रमोद आसरे, सूर्या रोशनी लिमिटेड के सीसीओ संजय कुमार, स्कूल प्रबंधक जसवीर, प्रधानाचार्य जितेंद्र, जोन प्रमुख शत्रुघ्न लाल कश्यप व हरियाणा प्रांत प्रमुख भंवर सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
दौड़ प्रतियोगिता में रोबिन ने प्रथम, सिद्धांत ने द्वितीय व कुनाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वॉलीबॉल में आसौदा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। कबड्डी में रोहद की टीम ने प्रथम तो खो-खो में सांखौल की टीम ने बाजी मारी। योजना प्रमुख प्रमोद आसरे ने सभी प्रतिभागियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खेलों का हमारे जीवन में महत्वपूर्ण स्थान है। खेलों से जहां शरीर स्वस्थ रहता है वहीं भाईचारे की भावना पनपती है। खेलकूद मानव मन को प्रसन्न और उत्साहित बनाए रखते हैं। खेलों से नियम पालन के स्वभाव का विकास होता है और मन एकाग्र होता है। खेल में भाग लेने से खिलाड़ियों में धैर्य और साहस का विकास होता है। प्रतियोगिता के अंत में आदर्श पब्लिक स्कूल के प्रबंधक जसवीर को प्रमोद आसरे द्वारा स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर देव नारायण, कवल कुमार, हिमांशु, कोमल, दीपक, अंजू, पिंकी व नीरज मौजूद रहे।