राई। गांव बसौदी के पास कार सवार पांच युवकों ने पिस्तौल दिखाकर रेत सप्लायर के मुनीम और चालक से नकदी लूट ली। बदमाशों ने नांदनौर के ग्रामीण समेत उन्हें भी हर माह रंगदारी देने के लिए कहा। बाद में अन्य ट्रक चालकों के आने पर बदमाश कार में सवार होकर फरार हो गए। मुनीम और चालक ने मामले से रेत सप्लायर को अवगत कराया। जिसके बाद पुलिस को शिकायत दी गई। बहालगढ़ थाना पुलिस ने लूटपाट, रंगदारी मांगने, अवैध शस्त्र अधिनियम समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बहालगढ़ थाना पुलिस को दी शिकायत में मूलरूप से रोहतक के मदीना फिलहाल कुमासपुर के पास स्थित अपेक्स ग्रीन सोसाइटी निवासी सुमित ने बताया कि वह खनन कंपनी से रेत खरीदकर कुंडली के स्टॉक पर सप्लाई करता है। उनके ट्रकों पर उत्तर प्रदेश के जिला फिरोजाबाद के गांव झपारा का कन्हैया और जिला एटा के गांव मलगांव का अजीत चालक हैं। देर रात चालक कन्हैया, अजीत व उनका मुनीम रोहतक के गांव सांघी का जगपाल मुरथल क्षेत्र की खनन कंपनी से दोनों डंपर में रेत भरकर कुंडली जा रहे थे। जब वह बसौदी गांव के पास पहुंचे तो कन्हैया के ट्रक के टायरों के नट-बोल्ट ढीले हो गए। जिसके चलते कन्हैया ने ट्रक रोक दिया। इसके बाद अजीत ने भी ट्रक रोक लिया। दोनों चालक व मुनीम जगपाल नट बोल्ट कस रहे थे तो बसौदी गांव की तरफ से एक कार आई, जिसमें पांच युवक सवार थे। एक युवक के पास पिस्तौल थी। सबक सिखाने की बात कहते हुए उन्होंने कहा कि नांदनौरिया के खिलाफ केस दर्ज कराते हो और उसको रंगदारी देने से इनकार करते हो। उन्होंने चालक अजीत, कन्हैया व मुनीम जगपाल पर हमला कर दिया। उन्होंने जगपाल की जेब से 97 सौ रुपये लूट लिये। कार सवारों ने धमकी दी कि वह यहां के बादशाह हैं। उन्होंने उन्हें व नांदनौरिया को रंगदारी देने के लिए कहा। इसी बीच एक अन्य ट्रक के आने पर वह धमकी देकर भाग गए। बहालगढ़ थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वर्जन
रेत सप्लायर ने नकदी लूटने व रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है। जिस पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में गहनता से जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
इंस्पेक्टर ऋषिकांत, थाना प्रभारी, बहालगढ़