बहादुरगढ़। जिले के राजकीय और निजी स्कूलों में सड़क सुरक्षा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता 15 अक्तूबर को सुबह 11 से 12 बजे तक कराई जाएगी। नोडल अधिकारी एसीपी दिनेश कुमार ने बताया कि जिले के 520 सरकारी और 320 प्राइवेट स्कूल, सभी आईटीआई और कॉलेजों में प्रतियोगिता करवाई जा रही है। यातायात पुलिस और आरएसओ स्कूलों में जाकर छात्र-छात्राओं को प्रतियोगिता के प्रति जागरूक कर रहें हैं। जिला यातायात पुलिस समन्वयक सतप्रकाश ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए छात्र-छात्राओं को चार ग्रुपों में बांटा गया है। पहले ग्रुप में तीसरी से 5वीं, दूसरे में छह से 8वीं, तीसरे में 9वीं से 12वीं कक्षा और चौथे ग्रुप में कॉलेज और आईटीआई के छात्र-छात्राओं को रखा गया है। प्रत्येक लेवल में स्कूल स्तर पर प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राएं आगामी होने वाली खंड स्तरीय प्रतियोगिता में भाग ले सकेंगें। आरएसओ सतीश शर्मा और बहादुरगढ़ यातायात थाना प्रबंधक महेश कुमार ने बताया कि बहादुरगढ़ ब्लाक के खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में बीईओ शेर सिंह की देखरेख में प्रश्नपत्रों का वितरण किया गया है।