बहादुरगढ़। भारी बारिश के बाद ओवरफ्लो हुई मुंगेशपुर ड्रेन से कई कॉलोनियों और गांवों में दो से तीन फीट तक पानी भर गया है। इससे दो हजार से अधिक लोग अपने घरों में कैद होकर रह गए हैं। रिहायशी कॉलोनियों और आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र, दिल्ली के झाड़ौदा कलां में स्थित गीतांजलि कॉलोनी, टिकरी कलां गांव, खरमाण, मांडोठी, कसार के खेतों में भी पानी भरा हुआ है। गांवों में खेतों में पानी खड़ा होने से किसानों की फसल चौपट हो गई है।
शहर के धर्म विहार, विवेकानंद नगर, परनाला, छोटूराम नगर, आधुनिक औद्योगक क्षेत्र पार्ट-ए व बी, टिकरी गांव, झाड़ोदा, सेक्टर-2, सेक्टर-6, रेलवे रोड, झील मोहल्ला, निजामपुर रोड, बाग वाला मोहल्ला, परनाला गांव स्थित पीएम श्री स्कूल, बालौर रोड, सेक्टर 7 हाउसिंग बोर्ड, दिल्ली-रोहतक राष्ट्रीय राजमार्ग मार्ग पर भी कई स्थानों पर काफी मात्रा में पानी भरा हुआ है।
कॉलोनियों से लोगों का आवागमन बेहद मुश्किल हो गया है। झील वाला मोहल्ला में स्थिति ज्यादा खराब है। यहां पर सीवर पूरी तरह जाम है तो गंदा पानी गलियों में जमा है। गंदे पानी के कारण शहर में बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है।
धर्म विहार व विवेकानंद नगर कॉलोनी के लोगों सुरेश कुमार, अमित कुमार, रविंद्र शर्मा, अंशू, मनोज शर्मा ने बताया कि विवेकानंद नगर कॉलोनी में मुंगेशपुर ड्रेन ओवरफ्लो होने के कारण पानी भर गया है।
यह पानी कोई एक-दो फीट नहीं बल्कि तीन फुट से भी अधिक है। वीरवार को इस पानी के बीच से निकलने में दोपहिया, पैदल राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई युवाओं की स्कूटी और मोटरसाइकिल बीच पानी में बंद हो गई।
इससे उन्हें धक्का देकर पानी से बाहर निकालना पड़ा। लोगों का कहना है कि जल्द से जल्द प्रशासन को रिहायशी कॉलोनियों के बीच से पानी की निकासी के इंतजाम करने चाहिए। अन्यथा उनका घर से बाहर निकलना मुश्किल हो जाएगा और बीमारियां फैल जाएंगी। मौसम विभाग की ओर से अभी और बारिश की संभावना जताई गई है।
-फोटो 67 : विवेकानंद नगर में मुंगेशपुर ड्रेन ओवरफ्लो होने के बाद भरा पानी। संवाद
-फोटो 67 : विवेकानंद नगर में मुंगेशपुर ड्रेन ओवरफ्लो होने के बाद भरा पानी। संवाद