संवाद न्यूज एजेंसी
बहादुरगढ़। लाइनपार क्षेत्र के वार्ड-3 की सुभाष नगर, बलजीत नगर और डीआईजी कॉलोनी में दूषित पेयजल आपूर्ति की समस्या है। सीवर ब्लॉक होने से भी कॉलोनीवासी परेशान हैं। सोमवार को लोगों ने जनस्वास्थ्य विभाग कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और समाधान की मांग की।
नगर परिषद के पूर्व वाइस चेयरमैन पालेराम शर्मा के नेतृत्व में कॉलोनीवासी अधिकारियों से मिले। उन्होंने अपनी समस्याएं बताईं और जल्द स्थायी समाधान की मांग की। पालेराम ने बताया कि कई घरों में दूषित पानी पहुंच रहा है। सीवर लाइन बार-बार ब्लॉक होने से गलियों में गंदा पानी जमा हो जाता है। इससे कॉलोनी में बदबू फैलती है और आवागमन में परेशानी होती है।
दूषित पानी से लोगों को पेयजल की चिंता भी रहती है। कॉलोनीवासियों ने पेयजल लाइन की जांच और सीवर व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की। उन्होंने अस्थायी नहीं, बल्कि स्थायी समाधान की व्यवस्था करने को कहा। जनस्वास्थ्य विभाग के अधिशासी अभियंता अमन मोर ने कॉलोनीवासियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने जल्द राहत का आश्वासन दिया। अमन मोर ने बताया कि सीवर ब्लॉक की समस्या से फौरी राहत के लिए सुपर सकर मशीन से सफाई होगी। करीब एक सप्ताह में स्थायी समाधान की दिशा में काम किया जाएगा।
इंसेट
स्थायी समाधान की योजना
अमन मोर ने स्थायी समाधान के लिए एक योजना बताई। नाहरा-नाहरी रोड की साइड से नई सीवर लाइन में कनेक्शन किया जाएगा। इस नई लाइन से सुभाष नगर में बार-बार सीवरेज ब्लॉक होने की समस्या से राहत मिलेगी। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
फोटो-59: जनस्वास्थ्य विभाग के अधिशासी अभियंता कार्यालय में पहुंचे लोग। संवाद