झज्जर। दो दिन से बिजली न मिलने से परेशान शहर की किला कॉलोनी वासियों का गुस्सा फूट गया। रात तक बिजली न मिलने से नाराज कॉलोनी वासियों ने कोसली मार्ग पर पहुंचकर जाम लगा दिया। महिलाएं और बच्चे सड़क पर लेट गए। यातायात बाधित हो गया। पुलिस ने पहुंचकर बिजली निगम के अधिकारियों से बात करके लोगों को आश्वासन देकर एक घंटे बाद जाम खुलवाया।
कॉलोनी वासियों ने बताया कि दो दिन से उनकी काॅलोनी मेें बिजली नहीं आई है। इन्वर्टर भी जवाब दे गए हैं। रात भर लोग अंधेरे में रहे। सड़कों पर टहलकर रात काटी। वीरवार को भी पूरे दिन बिजली नहीं मिली। बिजलीघर से पूछने पर बताया कि ट्रांसफार्मर खराब है और लाइन में फाल्ट है। बुधवार को कहा जा रहा था कि वीरवार की सुबह बिजली चालू हो जाएगी,लेकिन पूरे दिन बिजली नहीं मिली। इसी से गुस्साए महिला, बच्चे और अन्य कॉलोनी के लोग शाम करीब सात बजे कोसली बाइपास पहुंच गए और मार्ग जाम कर दिया।
महिलाएं व बच्चे सड़क पर लेट गए और बिजली निगम के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। उन्होंने वहां से वाहनों को नहीं गुजरने दिया। जैसे ही जाम की सूचना पुलिस को मिली तो पुलिस की ईआरवी 112 की गाड़ी मौके पर पहुंची और बिजली निगम के अधिकारियों से बातचीत की। बिजली निगम के अधिकारियों ने उन्हें एक घंटे में बिजली आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया। उसके बाद लोगों ने जाम खोला। कॉलोनी वासियों का कहना है कि बुधवार से उनकी बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई थी। उन्होंने कई बार शिकायत केंद्र पर शिकायत भी की, लेकिन उसके बाद भी उनकी बिजली आपूर्ति वीरवार की शाम तक बहाल नहीं की गई। जिसकी वजह से उनके सारे काम प्रभावित हो गए हैं। बार-बार शिकायत करने के बाद भी जब समाधान नहीं हुआ तो उन्होंने रोड पर उतरना पड़ा।
- वर्जन
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बिजली अधिकारियों से बातचीत कर जाम खुलवा दिया है। यातायात व्यवस्था सुचारू हो गई है।
- कर्मबीर सिंह, थाना प्रभारी, शहर झज्जर।