मेरी फसल मेरा-ब्योरा पोर्टल पर सरकार की तरफ से फसलों के पंजीकरण के लिए अंतिम तिथि अब 15 सितंबर कर दी गई है। बाजरे की फसल के पंजीकरण कराने का वीरवार 10 सितंबर अंतिम मौका है। कृषि विभाग के आंकड़ों के मुताबिक बाजरे की फसल का पंजीकरण बिजाई की गई भूमि से अधिक हो चुका है। करीब एक लाख तीन हजार एकड़ भूमि में बाजरे की फसल की बिजाई की गई है। जबकि करीब एक लाख पांच हजार एकड़ भूमि में बाजरे की फसल का पंजीकरण हो चुका है। जिला के 19 हजार से अधिक किसानों ने फसल का पंजीकरण कराया है।
जिला उपायुक्त जितेंद्र कुमार ने बताया कि हरियाणा सरकार ने मेरी फसल-मेरा ब्योरा योजना के तहत फसलों के पंजीकरण करवाने की अंतिम तिथि 7 सितंबर से बढ़ाकर 15 सितंबर तक कर दी है। जो किसान योजना के तहत पंजीकरण करवाने से वंचित रह गए हैं वे जल्द नजदीकी सीएससी या किसान स्वयं कृषि विभाग की वेबसाइट पर अपनी फसल का पंजीकरण करवा लें। पंजीकरण कराते समय किसी भी प्रकार की समस्या आने पर अपने नजदीकी कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।