प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 मई
संवाद न्यूज़ एजेंसी
बादली। ग्रामीण क्षेत्र के चौधरी धीरपाल राजकीय महाविद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। नोडल अधिकारी डॉक्टर विजय सिंह ने बताया कि ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन अनिवार्य है।
प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 मई है। महाविद्यालय प्राचार्य मेजर आनंद काद्यान ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत बीए, बीकॉम, बीएससी, बीएससी केमेस्ट्री ऑनर्स, बीए भूगोल ऑनर्स में प्रवेश के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू हो चुका है। रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी तरह से नि:शुल्क है।
विद्यार्थियों की सहायता के लिए महाविद्यालय में हेल्प डेस्क भी बनाया गया है। अनुभवी प्राध्यापकों द्वारा विद्यार्थियों को उनकी रुचि के अनुसार भविष्य की संभावनाओं को देखते हुए विषय चयन में मदद की जा रही है। पहली मेरिट लिस्ट 11 जून को जारी होगी। इसके बाद ही दाखिला प्रक्रिया शुरू होगी। इच्छुक विद्यार्थी 31 मई तक आनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
इंसेट
डिग्री पूरी करने के लिए मर्सी चांस
विश्वविद्यालय द्वारा विद्यार्थियों को बड़ी राहत देते हुए मर्सी चांस के ऑनलाइन आवेदन कल 15 मई से शुरू हैं। इस फैसले से उन हजारों विद्यार्थियों को फायदा मिलेगा, जो निर्धारित अवसरों में अपनी डिग्री पूरी नहीं कर सके थे। अब ऐसे विद्यार्थी दोबारा परीक्षा देकर अपनी डिग्री पूरी कर सकेंगे तथा अंकों में सुधार का अवसर भी प्राप्त कर पाएंगे।