स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है। विभाग के अधिकारियों ने शनिवार को दर्जनों जगहों पर छापामारी कर हजारों रुपये की एक्पायर्ड दवाएं बरामद की। कई क्लीनिकों में भी छापा मारा।
टीम ने पहले दिन सभी क्लीनिक संचालकों, मेडिकल स्टोर्स और क्षेत्र में जगह-जगह दुकान खोलकर बैठे आरएमपी चिकित्सकों को चेतावनी देकर छोड़ दिया। टीम ने ईंट भट्ठों पर मजदूरों को अवैध तरीके से दवाई देने वालों को नहीं बख्शा। टीम ने बादली में ही एक आइसक्रीम फैक्टरी पर भी छापा मारा।
स्वास्थ्य विभाग की टीम के शनिवार को बादली पहुंचते ही चिकित्सकों और मेडिकल स्टोर संचालकों में हड़कंप मच गया। कुछ संचालक अपनी दुकानें बंद कर रफूचक्कर हो गए।
एलएमओ सरिता गौरी की टीम सुबह बादली के बाजार में पहुंची और सबसे पहले एक निजी क्लीनिक पर छापामारी की। यहां से विभाग की टीम को कुछ एक्सपाइरी डेट की दवाएं मिलीं। बाद में टीम ने दवाओं की कई दुकानों पर कार्रवाई की।
एलएमओ सरिता गौरी के अनुसार क्षेत्र में एक्सपायरी दवाएं दुकानों में मिली हैं, जबकि कथित आरएमपी चिकित्सकों की भरमार है। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों की शिकायतें मिलती हैं जिस पर विभाग ने छापामारी कार्रवाई की है जो कि आगे भी जारी रहेगी।
आइस फैक्ट्री की जांच
बादली में बहादुरगढ़ रोड पर चल रही एक आइसक्रीम वाली फैक्टरी में भी टीम ने जांच की। फैक्टरी में गंदगी की भरमार मिली। श्रमिकों से खुले हाथों से ही मिक्सिंग कराई जा रही थी।
एलएमओ सरिता गौरी ने इसे गंभीरता से लिया मगर फैक्ट्री मालिक के न होने से कोई कार्रवाई नहीं हो सकी। बाद में श्रमिकों को सफाई का नसीहत दी गई। बाद में विभाग की टीम ने खुले में जूस निकालकर बेचने वालों को भी साफ-सफाई की नसीहत दी।
कार्रवाई से बचते रहे
विभाग की टीम को जहां कमी मिली, वहां टीम के सदस्य नसीहत ही देते रहे। कहीं भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। एमओ जगमाल के अनुसार पहले दिन सभी को चेतावनी दी गई है, जबकि कुछ संचालक पहले ही पता लगने पर खिसक गए। भविष्य में भी कार्रवाई जारी रहेगी और किसी को बख्शा नहीं जाएगा।