झज्जर। नगर परिषद के चेयरमैन जिले सिंह सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शहर में नगर परिषद की जितनी प्रॉपर्टी है, उसका रिकार्ड तैयार किया जाएगा और उसकी पैमाइश होगी। चेयरमैन वीरवार को नगर परिषद कांफ्रेंस हाल में आयोजित हाउस की बैठक में अपनी बात रख रहे थे।
बैठक में रहणिया मोहल्ले में हरशामलात का एरिया नगर परिषद को दिए जाने के प्रस्ताव रखा जाएगा। इस पर पार्षदों ने पूछा कि यह जमीन आखिर किसकी है, क्योंकि मौके पर कुछ लोग जमीन पर भरत कर रहे हैं और यहां नप को जमीन देने का प्रस्ताव रख रहे हैं। प्रधान ने बताया कि लगभग 46 कनाल व दो मरले की जमीन है और बाकी कुछ वक्फ बोर्ड की है। पार्षदों ने मांग रखी कि नगर परिषद की शहर में स्थित प्रॉपर्टी की निशानदेही होनी चाहिए। इस पर चेयरमैन ने एक्सईएन को निर्देश दिए कि अगली बैठक से पहले शहर में नगर परिषद की सारी प्रॉपर्टी की पैमाइश कराई जाए। शहर में नप की जो प्रॉपर्टी सामने आएगी, उसकी निशानदेही हो और उसे कब्जे में लिया जाए। यदि कोई कब्जा मिलता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई भी की जाए। इसके लिए कमेटी का गठन किया जाएगा, जिसमें नगर परिषद के अधिकारियों व संबंधित वार्ड के पार्षद शामिल किए जाएंगे। बैठक में सतप्रचार सेवा समिति सतपंथ आश्रम को तलाव रोड झज्जर के दक्षिण दिशा में स्थित लगभग 4-5 कनाल भूमि को कलेक्टर रेट पर देने का प्रस्ताव रखा गया। इसे सभी पार्षदों ने इंकार कर दिया। पार्षदों का कहना था कि ऐसे तो हर कोई संस्था जमीन की मांग करने लगेगी। बैठक में शहीदी पार्क झज्जर में स्ट्रॉम वाटर का बूस्टिंग स्टेशन बनाने के लिए 30 बाय 50 जगह जन स्वास्थ्य विभाग को देने के बारे में प्रस्ताव रखा गया। पहले सभी पार्षदों ने मांग रखी कि इस जमीन को फ्री में नहीं दिया जाए। इसकी राशि भरवाई जाए। इस पर एक्सईएन ने नियमों की जानकारी ली तो बताया गया कि यह निशुल्क दी जाएगी, लेकिन मलकियत नगर परिषद की रहेगी। इस पर पार्षद सहमत हो गए। बैठक में 32 काॅलोनियों के विकास कार्यों का प्रस्ताव पारित किया गया। इसी प्रकार से 11 काॅलोनियों का जो सर्वे हुआ है, उसका प्रस्ताव भी पारित किया गया। बैठक में सरकार से पुराना बस अड्डा की जमीन नगर परिषद को देने का प्रस्ताव भी पारित किया, इसे सरकार के पास भेजा जाएगा। बैठक में ईओ केके यादव ने गुरुग्राम रोड को माडर्न रोड बनाने का प्रस्ताव भी रखा।
साझा बाजार पर नहीं बनी सहमति, अगली मीटिंग में नियम होंगे पेश
बैठक में घंटाघर के पास जमीन को साझा बाजार को देने का प्रस्ताव रखा गया। यह एरिया स्वयं सहायता समूह को दिया जाएगा। इस पर पार्षदों ने नियम व फीस की जानकारी मांगी तो अधिकारियों के पास जानकारी नहीं थी। इसलिए इसे अगली बैठक में नियम व अन्य जानकारी रखने तक लंबित रखा गया।
पार्षद प्रतिनिधियों ने सफाई व्यवस्था पर उठाए सवाल, पार्षद हुए आमने-सामने
बैठक में पार्षद प्रतिनिधि महावीर गुर्जर, तिलकराज ने शहर की सफाई पर सवाल उठाए और कहा कि डोर टू डोर सभी काॅलोनियों में नहीं हो रहा। ठेकेदार ने कर्मचारी कम लगाए हुए हैं। दरोगा गैर हाजिर रहता है। उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। इस पर पार्षद जयपाल ने कहा कि हमें भी देखना चाहिए कि कौन काम कर रहा है या नहीं। इस पर दोनों आमने-सामने हो गए। अधिकारियों ने उनको शांत कराया। बैठक में पार्षद प्रतिनिधि तिलकराज ने उनके वार्ड में बनी गली चार माह में टूटने की बात कही।