झज्जर। मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों को एमआईएस पोर्टल पर छात्रों के नामांकन को अपडेट करना होगा। इसके लिए स्कूल शिक्षा निदेशालय ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों व जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी किया है।
विभाग की तरफ से जारी किए गए पत्र में निर्देश दिए गए हैं कि नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ कई निजी स्कूलों ने एमआईएस पोर्टल पर छात्रों की जानकारी को अपडेट करने में पर्याप्त रुचि नहीं दिखाई है। ऐसे कई स्कूलों में अभी भी छात्रों का नामांकन शून्य दिखाई दे रहा है जो वास्तविक स्थिति को नहीं दर्शाता है।
विभाग का मानना है कि समय पर डॉटा एंट्री की यह कमी नामांकन डॉटा की सटीकता और विश्वसनीयता के संबंध में चिंता पैदा करती है। ऐसे में विभाग ने निर्देश दिए हैं कि आप अपने स्तर पर इस मामले को देखें और संबंधित निजी स्कूलों के साथ सख्ती से फालोअप सुनिश्चित करें।
प्रभावी योजना, निगरानी और नीति कार्यान्वयन के लिए सटीक और सही डॉटा आवश्यक है इसलिए नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने में आपके हस्तक्षेप की आवश्यकता है। इस मामले को अत्यंत आवश्यक मानें और जल्द से जल्द अनुपालना सुनिश्चित की जाए।