फोटो 74: जहादपुर गांव का खेल मैदान में भरा बारिश का पानी।
बादली। तीन दिन हुई बारिश से गांवों में कहीं स्कूलों के रास्ते पर पानी लबालब भरा है तो किसी गांव में प्रमुख बस स्टेंड की गली मेें पानी ही पानी है। गुभाना गांव के राजकीय वरिष्ट माध्यमिक स्कूल में जाने का रास्ता पानी से लबालब है। छात्रोंं को पानी से होते हुए स्कूल जाना पड़ रहा है।
श्मशान घाट के रास्ते पर दो-दो फीट पानी भरा है। लगरपुर गांव की प्रमुख गली से लोगों को निकलने का रास्ता नहीं मिल रहा है। विद्यार्थी हाथों में जूते लेकर पानी से निकल रहे हैं। छात्रोंं और ग्रामीणों की परेशानी का कोई पैमाना नहीं है।
ग्रामीण महाबीर गुलिया, पूर्व सरपंच चांद, महेंद्र पंच, छोटूराम, बलजीत, सोमबीर, जोगेंद्र और अमित ने बताया कि डीजल इंजन की मांग की गई है ताकि पानी निकासी की जा सके। बारिश के दो दिन बाद भी गलियोंं में पानी भरा है। गांव बुपनियां का हाल बेहाल है। गलियों में भरा पानी सभी दावों की पोल खोल रहा है।
गांव की प्रमुख फिरनी पर ग्रामीण अपने मकानोंं में कैद हो गए हैं। घर से बाहर गलियों में पानी ही पानी नजर आता है। पशुओं को भी घरों से बाहर नहीं निकाला जा रहा है। ग्रामीण प्रवीन, जगदीश, राजेंद्र और जगबीर ने पंचायत विभाग के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों से भी पानी निकासी में सहयोग की मांग की है। ग्रामीण अपने स्तर पर पानी निकालने के प्रयास में लगे हैं।