बहादुरगढ़। उगांव छारा से बहादुरगढ़ की तरफ आ रहे एक स्कूटी सवार की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर मांडोठी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और उसे नागरिक अस्पताल में भिजवाया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर वारिसों को सौंप दिया। मांडोठी आसौदा थाना मेें अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
मृतक की पहचान रविंद्र (32) निवासी गांव छोछी बेरी के रूप में हुई है। रविंद्र अपने गांव से बहादुरगढ़ की तरफ स्कूटी पर आ रहा था, जैसे ही वह छारा गांव में बाईपास पर पहुंचा तो किसी अज्ञात वाहन ने स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर दूर जा गिरा। राहगीरों ने उसे संभाला और अस्पताल पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों ने उसकी मौत की पुष्टि कर दी। बताया गया है कि रविंद्र दिल्ली में रेलवे विभाग में कार्यरत था। प्रतिदिन बहादुरगढ़ में स्कूटी खड़ी कर दिल्ली जाता था। मृतक के दो बच्चे हैं। इनमें एक लड़का व एक लड़की है। पुलिस ने नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।