-फोटो 54 : श्रद्धालुओं को राधा रानी की महत्ता बारे में बताते मंदिर प्रमुख नित्यानंद आश्रय दास।
- फोटो : विद्यालय
बहादुरगढ़। नाहरा-नाहरी रोड पर लाइनपार स्थित इस्कॉन मंदिर में राधाष्टमी महोत्सव श्रद्धा और भक्ति भाव से मनाया गया। काफी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर में एकत्र हुए और राधारानी के पावन प्रकट्य दिवस को धूमधाम से मनाया। पूरे मंदिर को पुष्पों, रंग-बिरंगी लाइटों और झाड़ियों से भव्य रूप से सजाया गया था। महोत्सव का शुभारंभ मंगला आरती से हुआ। यहां भक्तों ने प्रभु चरणों में दीप प्रज्वलित किए और कीर्तन किया।
इसके बाद गुरु पूजा, मधु सुंदर प्रभु की ओर से राधारानी की महिमा पर एक भावपूर्ण प्रवचन हुआ। इससे राधा भक्ति के गूढ़ रहस्यों से अवगत कराया। मंदिर प्रमुख नित्यानंद आश्रय दास के सानिध्य में यह कार्यक्रम हुआ। काफी संख्या में बच्चों ने भी इसमें भाग लिया और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी।
विशेष शृंगार दर्शन में राधारानी को अलौकिक वस्त्र, आभूषणों और फूलों से शृंगार किया गया। महा-अभिषेक के दौरान मंत्रोच्चार के बीच दूध, दही, घी, मधु और गंगाजल से राधारानी का अभिषेक किया गया। इसे देखकर भक्त भावविभोर हो उठे।
विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। इसमें भक्ति नृत्य, नाटिका और भजन शामिल थे। इसके बाद विशेष व्याख्यान हुआ। वहीं सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं से अधिकतम 56 प्रकार के भोग राधारानी को अर्पित करने का अनुरोध किया गया था जिसे भक्तों ने अत्यंत श्रद्धा से निभाया। इस्कॉन बहादुरगढ़ मंदिर समिति की ओर से आयोजन को सुव्यवस्थित और भक्तिपूर्ण ढंग से संपन्न किया गया।
-फोटो 54 : श्रद्धालुओं को राधा रानी की महत्ता बारे में बताते मंदिर प्रमुख नित्यानंद आश्रय दास। - फोटो : विद्यालय