बामनौली मोड़ पर उत्तरी बाईपास की मांग को लेकर चल रहे धरने के 29वें दिन रविवार को सरकार की अनदेखी के खिलाफ महापंचायत का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न खापों के अलावा लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। लोगों ने सरकार को अल्टीमेटम दिया कि यदि 13 अगस्त तक पूर्ण उत्तरी बाईपास संघर्ष समिति की मांगों को लेकर कोई कदम नहीं उठाया जाता है तो खापें बड़ा आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगी और रेल रोकेगी। हालांकि महापंचायत के दौरान प्रशासन की ओर से पुलिस बल की तैनाती की गई थी। उधर प्रशासन की ओर से एसडीएम तरुण पावरिया व डीएसपी रणबीर सिंह भी महापंचायत में पहुंचे और उनकी मांगे सरकार तक पहुंचाने की बात कही। कई दिनों से महापंचायत को लेकर समिति अध्यक्ष सतीश छिकारा गांवों व शहर में पहुंचकर लोगों को न्योता दे रहे थे। क्षेत्र के साथ सरकार द्वारा पक्षपात किए जाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने अपनी आवाज भी बुलंद की। समिति अध्यक्ष सतीश छिकारा ने कहा कि पिछले 29 दिनों से लगातार बामनोली मोड़ पर अनिश्चितकालीन धरना चल रहा है और यह धरना तब तक जारी रहेगा, जब तक सरकार उनकी मांगों को नहीं मानती। महापंचायत में फैसला लिया गया है कि 13 अगस्त तक यदि सरकार मांगों पर ध्यान नहीं देती है तो इसके बाद रेल रोको व बड़ा आंदोलन भी किया जाएगा। समिति अपनी उक्त मांगों को पूरा करवाकर ही दम लेगी। इस दौरान महापंचायत में भाग लेने के लिए महिलाएं, पुरुष, युवा ट्रैक्टर-ट्रॉली व गाड़ियों में सवार होकर पहुंचे।
तीन घंटों तक चली महापंचायत
रविवार को बामनोली मोड़ पर महापंचायत करीब तीन घंटे तक चली। इसमें विभिन्न खापों से आए प्रधानों व अन्य पदाधिकारियों, प्रतिनिधियों के अलावा किसान संगठनों व विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े नेताओं ने भी शिरकत की। सभी ने एक सुर में पूर्ण उत्तरी बाईपास संघर्ष समिति की सभी मांगों को जायज बताया। उन्होंने सरकार से जल्द समिति की मांगों को पूरा किए जाने की मांग की।
एसडीएम और डीएसपी ने लिया ज्ञापन
प्रशासन की ओर महापंचायत स्थल पर एसडीएम तरुण पावरिया व डीएसपी रणबीर सिंह पहुंचे। उन्होंने स्टेज पर पहुंचकर समिति की मांगों का ज्ञापन लिया और समिति का मांग पत्र सरकार तक भिजवाने की बात कही। महापंचायत के दौरान दलाल खाप-84 प्रधान भूप सिंह दलाल, 14 गामा प्रधान मास्टर साहब सिंह, आसौदा-12 के प्रधान कपूर सिंह दलाल, छिल्लर-छिकारा खाप से प्रतिनिधि बलवान सिंह निजामपुर व बिजेंद्र नंबरदार कानोंदा, किसान नेता योगेंद्र यादव, राठी-रुहिल खाप प्रधान तसवीर सिंह राठी, नप चेयरपर्सन शीला बिजेंद्र राठी, जजपा नेता नरेश जून, इनेलो नेता धर्मवीर फौजी, पूर्व चेयरमैन रवि खत्री, रण सिंह डागर, रामफूल वकील, राज सिंह, आर्य प्रमोद, सुनील छिकारा, मास्टर पुरुषोत्तम, कुलदीप दलाल, रामबीर छिकारा, मास्टर बलजीत दलाल, डॉ. शमशेर, प्रदीप धनखड़, प्रताप सिंह छिल्लर, कोषाध्यक्ष कपूर सिंह सिंघल, राजू प्रधान, रमेश प्रधान, पवन प्रधान, माइकल प्रधान, पूर्व पार्षद रोशन मलिक, अशोक प्रधान, पार्षद प्रवीण छिल्लर, राजपाल आर्य, सुमित दलाल, लाल सिंह, अत्तरे प्रधान, सुनील अहलावत, बंटी समेत काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।