शहर में प्रदर्शन करते व्यापारी।
- फोटो : Jhjhar
शहर का बाजार बुधवार को पूरी तरह से बंद रहा। दुकानदार पुलिस के खिलाफ सड़कों पर उतरे। दुकानदारों ने शहर में पुलिस के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की। प्रदर्शन करने से पहले शहर के सभी दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद रखी और बाद में सैैकड़ों की संख्या में पंजाबी धर्मशाला में एकत्रित होकर शहर भर में प्रदर्शन करते हुए लघु सचिवालय पहुंचे।
व्यापारियों ने सोमवार की रात को बाजार बंद रखने के लिए बैठक कर निर्णय लिया था। उसके अनुसार बुधवार को शहर में दवाई की दुकानों को छोड़कर कोई भी दुकान खुली दिखाई नहीं दी। दुकानदारों ने बाजार बंद का पूर्ण रूप से समर्थन किया। बाजारों में हर तरफ दुकानों के शटर बंद दिखाई दिए। वहीं बाजार बंद होने के कारण लोगों की आवाजाही भी न के बराबर दिखाई दी। कहीं-कहीं दुकानदार बंद पड़ी दुकानों के सामने बैठे आराम करते दिखाई दिए।
- डीसी को सौंपा ज्ञापन
दुकानदारों ने अपनी मांगों को एक ज्ञापन उपायुक्त जितेंद्र कुमार को सौंपा। डीसी द्वारा कोरोना की महामारी के चलते प्रदर्शनकारियों में से कुछ लोगों को ही ज्ञापन देने के लिए अपने कार्यालय बुलाया गया था। इसी के चलते कुछ व्यापारी ही डीसी को ज्ञापन देने पहुंचे। ज्ञापन में मांग की गई थी कि शनिवार को झज्जर की सुमन सिटी में सब्जी मंडी के एक आढ़ती के घर पर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग की थी। घटना को कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने आज तक फायरिंग करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार नहीं पाई है। दुकानदारों का यह भी कहना था कि व्यापारी के घर फायरिंग करने के बाद से ही शहर के दुकानदारों में भारी रोष व्याप्त है और वह इस घटना से पूरी तरह आहत हैं।
- सब्जी मंडी भी रही पूर्ण रूप से बंद
हरियाणा व्यापार मंडल के आह्वान पर बुधवार को बाजार बंद का समर्थन करते हुए सब्जी मंडी के आढ़तियों और दुकानदारों ने भी मंडी को बंद रखा। सब्जी मंडी के आढ़तियों ने पहले ही आढ़ती के समर्थन में सब्जी मंडी को बंद रखने की घोषणा कर दी थी। वहीं दूसरी ओर ज्ञापन देने के लिए उपायुक्त कार्यालय पहुंचे व्यापारियों को डीसी ने इस मामले में उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।