झज्जर। सरकार द्वारा वैध की गई शहर की 32 कॉलोनी में रहने वालों को नए साल में विकास का तोहफा देने की तैयारी है। इन कालोनियों में लगभग 8100 प्रॉपर्टी है। स्थानीय शहरी निकाय निदेशालय द्वारा आनलाइन किया जा रहा है। यह काम शुक्रवार तक पूरा हो जाएगा। इसके लोगों को एनडीसी मिलनी शुरू हो जाएगी और लोग अपने-अपने मकानों, दुकानों व प्लाटों की रजिस्टरी करवा सकेंगे। इन कॉलोनियों के 500 एकड़ क्षेत्र में विकास कार्य कराने के लिए कार्ययोजना तैयार की जा रही है। स्थानीय शहरी निकाय निदेशालय के अधिकारियों ने वीडियो काॅफ्रेंसिंग के माध्यम से स्थानीय अधिकारियों को इस संबंध में दिशा-निर्देश दिए।
शहर की आबादी को देखते हुए सरकार द्वारा लगभग दो माह पहले 32 कालोनियों को वैध किया गया था। नगर परिषद द्वारा नियमित हुई कालोनियों में विकास कार्य कराने के लिए खाका तैयार किया जाएगा। अगले सप्ताह से 32 कालोनियों में होने वाले विकास कार्यों के एस्टीमेट बनाने का काम शुरू कर दिया जाएगा। उसके बाद उनको मुख्यालय से स्वीकृत कराकर उनके टेंडर लगाए जाएंगे। जिले की 32 कालोनियों का लगभग 500 एकड़ एरिया है। प्रति एकड़ लगभग 7 से 8 लाख रुपये मिलेंगे, जो लगभग 35 से 36 करोड़ रुपये बनेंगे। शुरुआत में गलियों, नालियों और स्ट्रीट लाइट के एस्टीमेट बनाए जाएंगे। इसके अलावा जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा भी इन गलियों में सीवरेज और पेयजल की लाइन बिछाई जाएगी। यह काम सबसे पहले किया जाएगा। इसके एस्टीमेट भी जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा तैयार किए गए हैं। अब यह मुख्यालय को भेजकर अप्रूवड करवाए जाएंगे ताकि बजट मिलने पर काम कराया जा सके।
8100 के लगभग प्रॉपर्टी की जा रही आनलाइन
इन 32 वैध कालोनियों में लगभग 8100 प्रॉपर्टी है, जिनको स्थानीय शहरी निकाय निदेशालय द्वारा आनलाइन किया जा रहा है। इन कालोनियों को पोर्टल पर आनलाइन करने का काम जारी है। वीरवार को यह काम पूरा होना था, लेकिन देर शाम तक पूरा नहीं हो सका। उम्मीद है कि शुक्रवार तक काम पूरा हो जाएगा। उसके बाद लोगों को एनडीसी मिलनी शुरू हो जाएगी और लोग अपने-अपने मकानों, दुकानों व प्लाटों की रजिस्ट्री करवा सकेंगे।
उच्चाधिकारियों भी विकास कार्यों को तेजी से करने के दिए निर्देश
नगर परिषद व पालिकाओं में विकास कार्यों को तेजी से कराने को लेकर स्थानीय शहरी निकाय निदेशालय के अधिकारियों ने वीडियो काॅफ्रेंसिंग के जरिये अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में जिला नगर आयुक्त सहित अन्य अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में उच्चाधिकारियों ने विकास कार्यों के एस्टीमेट जल्द से जल्द बनाकर उनकी अप्रूवल लेने के निर्देश दिए ताकि विकास के काम शुरू किए जा सके। यहां बता दे कि झज्जर शहर में भी लंबे समय से विकास के काम अटके हुए हैं। अब सभी कमेटियों का गठन होने के बाद कार्यों को मंजूरी दी गई है। वहीं उपायुक्त ने कालोनियों के एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
यह कॉलोनियां हुई वैध
सुभाष नगर कालोनी, तलाव कालोनी, देव नगर कालोनी, कृष्ण कालोनी, शिव कालोनी, कुलदीप कालोनी, माडल टाउन एंड सुभाष नगर, लाल सिंह-एक, लाल सिंह-दो, रामनगर कालोनी, कच्चा बाबरा रोड कालोनी, लाल सिंह पार्ट-थ्री, किला कालोनी पार्ट-एक व पार्ट-दो, आईएनए कालोनी, गाजी कमाल कालोनी, राधा स्वामी कालानी, भारत कालोनी, जयहिंद कालोनी, जटिया कालोनी, बेरी कालोनी, यादव कालोनी, विकास नगर कालोनी, नियर रेलवे कालोनी, भगत पूर्णमल कालोनी, देव नगर कालोनी पार्ट-दो, धांधु कालोनी पार्ट-दो, धांधु नगर पार्ट-वन, दुर्गा कालोनी, मारुति कालोनी पार्ट-दो, आफिसर कालोनी, पुजावा कालोनी शामिल हैं।
वर्जन
अगले सप्ताह से 32 कालोनियों के एस्टीमेट बनाने शुरू कर दिए जाएंगे। एस्टीमेट तैयार कर मंजूरी के लिए मुख्यालय को भेजा जाएगा ताकि बजट मिल सके।
मनदीप दहिया, एक्सईएन, नगर परिषद, झज्जर
वर्जन
32 कालोनियों में जल्द विकास के काम हो सके, इसलिए संबंधित विभागों के साथ बैठक हो चुकी है। उनसे भी उनका प्लान मांगा गया है। नगर परिषद भी जल्द एस्टीमेट तैयार कराएगी।
जिले सिंह सैनी, चेयरमैन, नगर परिषद, झज्जर