झज्जर। जिले की मंडियों में मंगलवार से बाजरे की खरीद शुरू हो जाएगी। अब तक जिले की मंडियों में धान की आवक शुरू नहीं हुई है। प्रदेश की मंडियों में 27 से धान की खरीद शुरू हो चुकी है, लेकिन अभी तक झज्जर मंडी में धान की आवक शुरू नहीं हुई है।
अभी धान की फसल को मंडियों में पहुंचने में समय लगेगा, क्योंकि अभी कटाई का काम जारी है। सोमवार को झज्जर मंडी में लगभग 205 क्विंटल बाजरा पहुंचा, लेकिन बाजरे की फसल की खरीद मंगलवार से शुरू होने के बाद किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है। पिछले पांच दिन से किसान मंडियों में बाजरे की फसल को डालकर जा रहे थे। खरीद करने के लिए मार्केट कमेटी ने सभी इंतजाम कर लिए है।
धान की खरीद 27 सितंबर से ही शुरू हो चुकी है, लेकिन धान अभी तक जिले की मंडियों में नहीं पहुंच रहा। धान की फसल को मंडी में आने में अभी समय लगेगा। किसानों की सुविधा के लिए सरकार ने ई-खरीद एप बनाया गया है। इससे किसान स्वयं से गेट पास बना सकते हैं। खरीद को लेकर एजेंसियां पहले ही निर्धारित की जा चुकी है। झज्जर मार्केट कमेटी में झज्जर, मातनहेल, बादली तीन मंडियां हैं, जहां पर इस बार धान और बाजरे की खरीद की जाएगी। झज्जर और मातनहेल में धान और बाजरा दोनों की खरीद की जाएगी जबकि बादली में केवल बाजरे की खरीद की जाएगी। फसल खरीद के लिए एजेंसियां भी निर्धारित कर ली गई है। धान की खरीद झज्जर और मातनहेल में फूड एंड सप्लाई करेंगी, झज्जर में बाजरे की खरीद स्टेट वेयर हाउसिंग और मातनहेल, बादली में हैफेड करेंगी।