फोटो-56: बहादुरगढ़ के सेक्टर छह में पीएनजी के कनेक्शन देने के लिए पाइप फिटिंग का काम करता कर्मचा
बहादुरगढ़। दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में प्रदूषण पर अंकुश लगाने और रसोई गैस सिलेंडर के झंझट से राहत दिलाने के उद्देश्य से शहर के सेक्टर-6 में पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) कनेक्शन देने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। उपमंडल प्रशासन की देखरेख में हरियाणा सिटी गैस सर्विस कंपनी द्वारा कनेक्शन उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
कंपनी की ओर से सेक्टर-6 के करीब 1000 घरों में पीएनजी कनेक्शन दिए जा चुके हैं। लगभग 1500 और कनेक्शन जारी किए जाने की प्रक्रिया जारी है। पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में लगातार पाइपलाइन बिछाने और घर-घर कनेक्शन देने का कार्य किया जा रहा है।
कंपनी के सुपरवाइजर नाहर सिंह ने बताया कि आने वाले समय में पूरे शहर में चरणबद्ध तरीके से पीएनजी कनेक्शन दिए जाएंगे। फिलहाल प्राथमिकता सेक्टरों और निजी कंपनियों की हाईराइज बिल्डिंग को दी जा रही है। इसके बाद शहर की विभिन्न कॉलोनियों में भी गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएंगे।
प्रशासन का मानना है कि पीएनजी कनेक्शन से न केवल प्रदूषण में कमी आएगी बल्कि उपभोक्ताओं को सिलेंडर बुकिंग और रिफिल की परेशानी से भी छुटकारा मिलेगा।