-फोटो 54 : छुट्टी के बाद घर बस से लौटे बच्चों को स्टैंड पर लेने पहुंचे अभिभावक। संवाद
झज्जर। गर्मियों की एक माह की छुट्टियों के बाद मंगलवार से सरकारी व निजी स्कूल खुल गए। हालांकि पहले ही दिन बारिश हो गई, जिसके चलते विद्यार्थियों को स्कूल पहुंचने में परेशानी का सामना भी करना पड़ा। प्राइमरी कक्षा के विद्यार्थियों को स्कूल भेजने में अभिभावकों को मशक्कत का सामना करना पड़ा, क्योंकि एक माह की लंबी छुट्टी के बाद स्कूल जाने को तैयार नहीं था।
अभिभावकों के काफी मनाने के बाद ही बच्चे स्कूल जाने को राजी हुए। सुबह माताओं को बच्चों को तैयार करने, उनका टिफिन, बैग तैयार करने में मशक्कत करनी पड़ी। खुद बच्चों को स्कूल छोड़ने के लिए परिजन उनके स्टैंड व स्कूल में पहुंचे। वहीं स्कूल में बच्चों का स्वागत किया गया। कई स्कूलों में वेलकम बोर्ड भी लगाए गए थे। हालांकि बच्चों की संख्या पहले दिन 50 प्रतिशत ही रही। बच्चों का गृह कार्य, असाइनमेंट चेक किया गया। एक माह की छुट्टी के बाद स्कूल पहुंचने पर विद्यार्थी अपने सहपाठियों से मिलकर खुश नजर आए।