पिछले चार-पांच दिनों से प्रदूषण का स्तर कम हो गया था, लेकिन मंगलवार को एक बार फिर प्रदूषण अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच गया और इस दिन एयर क्वालिटी इंडेक्स 438 पर रहा। इसके चलते लोगों को प्रदूषण से परेशानी हुई। सुबह के समय तो सड़कों पर दृश्यता भी काफी कम रही। करीब चार-पांच दिनों से एक्यूआई 250 के आसपास चल रहा था। मंगलवार को अचानक इसमें बढ़ोतरी हो गई और यह 438 पर पहुंच गया। जबकि न्यूनतम एक्यूआई 131 तो औसत 350 रही। प्रदूषण की मात्रा बढ़ते ही लोगों को फिर से परेशानियों का सामना करना पड़ा। सुबह के समय सड़कों पर कोहरा छाया रहा। जैसे ही सूर्य की रोशनी बढ़ी और सड़कों पर भीड़ बढ़ने लगी तो कोहरे ने स्मॉग का रूप ले लिया। दोपहर के समय स्मॉग कुछ कम जरूर हुआ, लेकिन लोगों का दम जरूर घुटता रहा। बढ़ते प्रदूषण के चलते ईपीसीए की ओर से 14 नवंबर तक फैक्टरियों को बंद रखने के निर्देश भी एक बार दोबारा दिए गए हैं।