झज्जर। विधानसभा चुनाव के लिए चारों विधानसभा क्षेत्रों (बहादुरगढ़, बेरी, बादली और झज्जर) की पोलिंग पार्टियां नेहरू पीजी कॉलेज से रवाना हो गईं। शुक्रवार देर शाम तक सभी पोलिंग पार्टियां अपने केंद्रों पर पहुंची गईं।
जिला निर्वाचन अधिकारी और उपायुक्त शक्ति सिंह अधीनस्थों के साथ नेहरू कॉलेज का दौरा किया। पोलिंग पार्टियों को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराने के निर्देश दिए। कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार व्यवस्था होनी चाहिए। डीसी ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चुनाव ड्यूटी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। जिले में शराब बिक्री मतदान होने तक प्रतिबंधित है। मतदान से 48 घंटे पूर्व शराब बिक्री व खरीद बंद रहेगी और 5 अक्तूबर शाम छह बजे तक यह पाबंदी जारी रहेगी।
इंसेट
बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं के लिए वालंटियर
प्रत्येक पोलिंग स्टेशन पर वॉलंटियर रहेंगे, जो बुजुर्ग व दिव्यांग मतदाताओं की मदद करेंगे। इसके अलावा पोलिंग स्टेशन पर पेयजल, शौचालय, रैंप, फर्स्ट एड, व्हीलचेयर आदि की सुविधा होगी।
मतदान केंद्रों पर वेब कास्टिंग से प्रशासन की रहेगी पैनी नजर
निष्पक्ष, स्वतंत्र व शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न करवाने के लिए जिला प्रशासन ने स्पेशल कंट्रोल रूम बनाया है। सभी 807 पोलिंग स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जो कंट्रोल रूम से जुड़े हैं। किसी भी पोलिंग स्टेशन पर संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलते ही तुरंत एक्शन लिया जाएगा।
जिला में है 154 क्रिटिकल मतदान केंद्र
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिले में 154 क्रिटिकल मतदान केंद्र हैं। सभी चार विधानसभा क्षेत्रों में सबसे ज्यादा क्रिटिकल मतदान केंद्र बहादुरगढ़ में हैं, जिनकी संख्या 59 है, जोकि 21 लोकेशनों पर स्थित है। इसके साथ ही बादली विधानसभा क्षेत्र में 15 लोकेशनों पर 34, झज्जर विधानसभा में 7 लोकेशनों पर 18 और बेरी विधानसभा में 23 लोकेशनों पर 43 मतदान केंद्र शामिल हैं।