यह क्षेत्र किसानों, खिलाड़ियों और सैनिकों का है। हमारी सरकार ने खिलाड़ियों, सैनिकों और किसानों के हितों को सर्वोपरि रखा है। खिलाड़ी, सैनिक और किसान हमारे असली हीरो हैं। इस क्षेत्र के खेल व खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के लिए पिछले पौने पांच साल में उन्होंने अपनी जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी से निभाई है, इब थारी बारी है। प्रदेश के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने बादली विधान सभा क्षेत्र के गांव बोडिया में आयोजित कुश्ती दंगल में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए यह बात कही। कृषि मंत्री धनखड़ ने कहा कि यह गर्व व गौरव की बात है कि अपने क्षेत्र में खिलाड़ियों को सेलिब्रेटी की तरह सम्मान मिलता है। जब भी खिलाड़ी विदेशों से मेडल जीतकर आते हैं तो उनका स्वागत सेलिब्रेटी की तरह किया जाता है। उन्होंने भी मेडल जीतकर आए खिलाड़ियों को अपने ऐच्छिक कोष से बढ़िया नस्ल की गाय व भैंस खिलाड़ियों की इच्छानुसार देने का काम किया है। हमारा सभी का एक ही नेक प्रयास रहता कि हमारे खिलाड़ी आगे बढ़ें और विश्वस्तरीय प्रतियोगिता जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन करें।
--अखाड़ों को मिले विश्व स्तरीय मानकों के कुश्ती मैट
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री धनखड़ ने कहा कि बादली विधान सभा क्षेत्र के युवा पहलवानों ने दुनिया भर में अपनी पहचान स्थापित की है। ओलंपिक, एशियाड और कॉमनवेल्थ जैसी प्रतिष्ठित विश्व स्तरीय खेल प्रतिस्पर्धाओं में मेडल जीतकर बादली विधान सभा क्षेत्र, जिला झज्जर और प्रदेश का नाम रोशन किया है। कुश्ती को बढ़ावा देने के लिए विधान सभा क्षेत्र में लगभग सभी अखाड़ों को विश्व स्तरीय मानकों के अनुसार कुश्ती मैट उपलब्ध कराए गए हैं। ओपन व इंडोर जिम उपलब्ध करवाए हैं। आधुनिक कुश्ती मैट पर होने लगी है इसलिए सभी अखाड़ों को मांग के अनुसार कुश्ती मैट दिए गए हैं। इस अवसर पर मार्केट कमेटी झज्जर के चेयरमैन एवं जिला कुश्ती संघ के प्रधान लीलू पहलवान, बिजेंद्र मांडोठी, संदीप बोडिया, रामकुमार, सूबे सिंह, रामचंद्र, दयानंद, गजेंद्र सहित अनेक पहलवान और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।