बहादुरगढ़। नगर परिषद के वाइस चेयरमैन राजपाल उर्फ पालेराम शर्मा के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को लेकर शहर में सियासी हलचल तेज हो गई है। बुधवार को इस मुद्दे पर बड़ा घटनाक्रम तब सामने आया जब 20 से अधिक पार्षद लोक निर्माण विश्राम गृह में एकत्र हुए और बैठक कर अपनी रणनीति पर चर्चा की।
बैठक के बाद सभी पार्षदों ने झज्जर में उपायुक्त स्वप्निल रविंद्र पाटिल और अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) जगनिवास से मुलाकात की। दोनों अधिकारियों ने पार्षदों को आश्वासन दिया कि जल्द ही बैठक बुलाई जाएगी। पार्षदों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही बैठक नहीं बुलाई गई तो एडीसी निवास पर धरना दिया जाएगा।
पार्षदों ने आरोप लगाया कि उनकी ओर से बार-बार मांग किए जाने के बावजूद अविश्वास प्रस्ताव पर विचार के लिए नगर परिषद की आधिकारिक बैठक नहीं बुलाई जा रही है। इसे लेकर पार्षदों में गहरा रोष है। उनका कहना है कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत पर्याप्त संख्या में पार्षद प्रस्ताव के समर्थन में हैं, ऐसे में प्रशासन को तुरंत बैठक बुलानी चाहिए।
बैठक के दौरान पार्षदों ने एकजुटता दिखाते हुए यह भी प्रस्ताव पारित किया कि जब तक इस मुद्दे पर निर्णय नहीं हो जाता तब तक वाइस चेयरमैन के कार्यों में हस्ताक्षर और स्वीकृति पर रोक लगाई जाए। एक दिन पहले ही पार्षदों ने वार्ड कमेटी की बैठक का बहिष्कार किया था जिससे कई कुर्सियां खाली रह गई थीं।
इन्होंने रखी अविश्वास प्रस्ताव की बैठक बुलाने की मांग
पार्षद राजेश मकड़ौली, सत्यप्रकाश छिकारा, अश्वनी शर्मा, कुलदीप राठी, विशाल गर्ग, रजनीश, बलराम दलाल, संदीप दहिया, विनोद कुमार, बिजेंद्र दलाल, संदीप अहलावत, सचिन दलाल, अशोक शर्मा, सुनैना मलिक, राजकुमारी धाकरे, ज्योति रोहिल्ला, अनु सिंगल, ज्योति राठी आदि पार्षदों ने जल्द से जल्द अविश्वास प्रस्ताव की बैठक बुलाने की मांग की है। पार्षद संघ के प्रधान योगेश धनखड़ ने बताया कि जब तक अविश्वास प्रस्ताव की बैठक होती तब तक वे किसी भी प्रशासनिक बैठक में भाग नहीं लेंगे। उन्होंने अतिरिक्त उपायुक्त से भी मुलाकात की है और जल्द से जल्द बैठक बुलाने की मांग की है।
मेरा किसी पार्षद से कोई विरोध नहीं है। सभी के साथ मेरा अच्छा भाईचारा है। जब बहुमत साबित करने का समय आएगा तो मेरे पास पूर्ण बहुमत से ज्यादा पार्षद मिलेंगे। शहर के लोगों ने यहां की राजनीति में कई सालों तक जिस आतंक को झेला है उसे दोबारा नहीं पनपने दिया जाएगा।
- राजपाल शर्मा, वाइस चेयरमैन, नगर परिषद, बहादुरगढ़।