बहादुरगढ़। शास्त्री नगर में हुई युवक की मौत के मामले में परिजनों के बयान के बाद पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया है। मामले की तह तक जाने के लिए पुलिस कई पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है। घटनास्थल के आसपास क्षेत्र की सीसीटीवी फुटेज भी तलाशी जा रही है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ होगी।
शास्त्री नगर में प्रमोद का शव शुक्रवार की रात को मिला था। उसके शरीर पर चोट के निशान थे। प्रारंभिक तौर पर यह सामने आया था कि गोवंश की टक्कर से उसकी मौत हुई है, लेकिन बाद में परिजनों ने हत्या की आशंका जाहिर की। भाई प्रदीप ने पुलिस से कहा कि प्रमोद घर से बच्चन के पास जाने के लिए कहकर निकला था। संभवत: झगड़े के दौरान प्रमोद को मारा गया और बाद में आरोपी ने गाय की टक्कर वाली कहानी सुना दी। इस शिकायत पर बच्चन के खिलाफ हत्या का केस दर्ज हो चुका है। रामकुमार नाम के एक व्यक्ति को भी पूछताछ में शामिल करने के लिए कहा गया है। सेक्टर-9 चौकी पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। पुलिस वारदात स्थल के आसपास सीसीटीवी फुटेज भी देख रही है। चौकी प्रभारी अंकित का कहना है कि शिकायत पर हत्या का केस दर्ज हो चुका है। जांच चल रही है। जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की असल हकीकत सामने आ पाएगी। पूछताछ का सिलसिला जारी है। जल्द ही मामले को सुलझाया जाएगा। मामले में फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। जांच पूर्ण होने के बाद ही तस्वीर साफ हो पाएगी। जल्द ही मामले को सुलझाने का दावा किया जा रहा है।