पंचायती राज संस्थाओं के प्रथम चरण के तहत हुए चुनाव में जिला परिषद व पंचायत समितियों के उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला ईवीएम व बैलेट पेपर बाक्स में बंद हो गया है। 28 जनवरी को होने वाली मतगणना के लिए जहां पर ईवीएम व बैलेट बाक्स रखे हुए हैं वहां पर सुरक्षा कड़ा कर दिया गया है। जिस आईटीआई में स्ट्रांग रूम बनाया गया है वहां पर 24 घंटे हथियारों से लैस पुलिसकर्मी तैनात हैं।
रविवार को पंच, सरपंच, जिला परिषद व पंचायत समिति के लिए मतदान हुआ। पंच व सरपंच के लिए तो मतदान के दिन ही परिणाम घोषित हो गया। जबकि जिला परिषद व पंचायत समिति के लिए 28 जनवरी को मतगणना होनी है। चुनाव के दौरान छिटपुट मामलों को छोड़कर शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुए चुनाव के बाद कंट्रोल रूम के आसपास सोमवार को खालीपन नजर आया। एक दिन पहले की अल सुबह तक जहां खूब गहमा-गहमी रही तो सोमवार की दोपहर को यहां वीरानी सी छाई रही। क्योंकि चुनाव के 18 दिन बाद जिप व पंचायत समिति के वार्डों के प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होना है। ऐसे में अब हर कोई अपनी-अपनी जीत को लेकर कयास लगाने लगा है।
जिला परिषद में बहादुरगढ़ के लगभग सात वार्ड आते हैं। इन वार्डों में 42 उम्मीदवारों ने चौधर पाने के लिए चुनाव लड़ा। वे वोटरों की उम्मीदों पर कितना खरा उतरते हैं यह कह पाना संभव नहीं। ईवीएम से इसका फैसला होना अभी बाकी है। इसके लिए लंबा इंतजार प्रत्याशियों को करना होगा। जबकि पंचायत समिति के लिए 132 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला भी बैलेट पेपरों के माध्यम से बाक्स में बंद है। यहां बनाए गए कंट्रोल रूम पर सोमवार को दिनभर उपमंडल निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम अमरदीप जैन, तहसीलदार मातूराम, बीडीपीओ रामफल व खंड शिक्षा अधिकारी मदन चोपड़ा समेत अनेक अधिकारी मौजूद रहे।
-गणना तक कड़ा पहरा
आइटीआई के 6 कमरों में बनाए गए स्ट्रांग रूम की सुरक्षा को लेकर पुरा ध्यान दिया जा रहा है। प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी यहां पूरी नजर रख रहे हैं। हथियारों से लैस कई पुलिसकर्मियों की ड्यूटी यहां पर लगाई गई। यही नहीं स्ट्रांग रूम बिल्डिंग के हर गेट पर पहरा है। कई गेटों को तो बंद कर दिया गया है। किसी भी बाहरी व्यक्ति को नहीं आने-जाने दिया जा रहा। यहां की स्थिति पर नजर रखने के लिए कई सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। लाइट की पूरी व्यवस्था तक की हुई है। मगर जिन पुलिसकर्मियों को यहां तैनात किया गया है उनके समक्ष कुछ समस्याएं भी आ रही है। नहाने-धोने से लेकर खाने-पीने तक की व्यवस्था फिलहाल गड़बड़ाई हुई है। सेक्टर-6 चौकी प्रभारी वीरेंद्रको भी इस बारे में अवगत कराया गया। जिस पर उन्होंने जल्द समाधान करवाए जाने की बात कही।
-करते रहते जांच
स्ट्रांग रूम की सुरक्षा को लेकर कहीं कोई लापरवाही तो नहीं बरती जा रही। इसको ध्यान रखते हुए डीएसपी सुरेश कुमार, थाना शहर प्रभारी रणधीर सिंह, सेक्टर-6 चौकी प्रभारी वीरेंद्र सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी पूरा ध्यान रख रहे हैं। यहां तैनात पुलिसकर्मियों को कड़ी हिदायत दी गई है वे यहां सिक्योरिटी के पुख्ता प्रबंध रखे। यदि कोई दिक्कत आती है तो तुरंत अधिकारियों को अवगत कराएं। जिन 6 कमरों में ईवीएम व बैलेट पेपर बाक्स रखे हुए हैं उन्हें पूरी तरह से सील किया हुआ है।
- मूंगफली गज्जक का लिया स्वाद
खंड में चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होने के बाद अधिकारियों को राहत की सांस मिली। सोमवार दोपहर को कंट्रोल रूप के बाहर बैठे उपमंडल निर्वाचन अधिकारी सहित अन्य अधिकारी पूरे चुनाव प्रक्रिया को लेकर चर्चा करते दिखे। यही नहीं फुर्सत के क्षण में यहां धूप में बैठकर मूंगफली व गज्जक का भी जायका लेते दिखे।