बहादुरगढ़। मेन बाजार में कबाड़ी मार्केट के पास स्थित कोमल ज्वैलर्स में हुई ढाई करोड़ की चोरी की वारदात को सुलझाने के लिए चार थानों की पांच टीमें जोरशोर से जुटी हुईं हैं। खास बात यह है कि दो दिन पहले ही ज्वैलर्स चोरी हुए सामान को खरीदकर लाए थे। 40 घंटे बाद भी आरोपियों का कोई सुराग नहीं लगा है। वीरवार को पुलिस ने शहर के विभिन्न स्थानों पर 50 से अधिक सीसीटीवी खंगाल लिए हैं। आरोपियों को पकड़ने और सामान बरामद करने के लिए सराफा व्यापारियों ने डीसीपी से मुलाकात की और त्योहारी सीजन में बाजारों में पुलिस पहरा बढ़ाने की मांग की।
बुधवार की तड़के करीब 3:45 बजे कोमल ज्वैलर्स की दुकान का शटर तोड़ते हुए पांच चोरों ने ढाई करोड़ की चोरी की थी। इसमें 30 किलो चांदी, दो किलो सोना और चार लाख रुपये नकद थे। चोरों की धरपकड़ के लिए थाना शहर की दो टीमें, सीआईए-1 और 2 और साइबर थाना पुलिस जुटी हुईं हैं।
अभी चोरों और सामान का कोई पता नहीं चला है जिस गाड़ी में चोर सवार होकर आए थे उस पर नंबर प्लेट भी फर्जी लगी थी। फिर भी पुलिस कई पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।
डीसीपी से मिले सराफा कारोबारी
चोरी की घटना से सराफा कारोबारियों में रोष है। त्योहारी सीजन में भी बाजारों में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध न होने को लेकर भी दुकानदार सवाल उठा रहे हैं। कोमल ज्वेलर्स शॉप में बड़ी चोरी की वारदात से अन्य दुकानदारों में असुरक्षा की भावना है। वीरवार को डीसीपी से मिलने वालों में सराफा कारोबारी जगदीश एलाबादी, सीटू, जयभगवान, बजरंग सोनी, सन्नी वर्मा, कोमल, राजकुमार शामिल रहे। उन्होंने मांग की कि बाजारों में पुलिस की संख्या बढ़ाई जाए। रात के समय गश्त ज्यादा हो।
चोरों को पकड़ने के लिए पुलिस की पांच टीमें जुटी हुई हैं। जो कार चोरी की वारदात में प्रयोग की गई हैं उस पर नंबर प्लेट फर्जी लगी थी। दुकानदारों से सीसीटीवी कैमरे चालू हालत में रखने का आग्रह किया गया है। बाजारों में पुलिस गश्त बढ़ी हुई है। फिर भी एहतियात के तौर पर और पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।
-मयंक मिश्रा, डीसीपी, बहादुरगढ़।