बहादुरगढ़। शहर में चल रहे कई स्पा सेंटरों पर पुलिस की गई टीमों ने छापे मारे। कुछ लोगों को पुलिस ने हिरासत मेें लेकर पूछताछ की और बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। पुलिस की ये कार्रवाई दिन भर चर्चा का विषय बनी रही। हालांकि किसी तरह का केस दर्ज नहीं किया गया था।
स्पा सेंटरों में गलत गतिविधियां चलने की आशंका के चलते पुलिस अधिकारियों ने इनकी जांच का निर्णय लिया था। इसी के चलते सोमवार दोपहर को पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में कई टीमें गठित की और अलग अलग स्थानों पर स्पा सेंटरों में छापे मारे। टीम में काफी संख्या में महिला पुलिस कर्मी भी शामिल थीं। टीम ने सेंटरों की तलाशी ली। सिटी मेट्रो स्टेशन के पास और महावीर पार्क के निकट भी स्पा सेंटरों में पुलिस ने छापा मारा। रेलवे रोड पर आरएन प्लाजा में स्पा सेंटर चलने के सूचना पर यहां भी पुलिस ने कॉम्प्लेक्स में तलाशी अभियान चलाया। लेकिन यहां ऐसा कोई सेंटर ही नहीं मिला। एक जगह छह लोगों से पूछताछ की गई। पुलिस ने कुछ सेंटरों पर मिले लोगों को हिरासत में लिया और पूछताछ की। कई जानकारी उनसे ली गई। इसके बाद उन्हें छोड़ दिया गया।
शाम तक पुलिस द्वारा इस मामले में किसी तरह की कोई एफआईआर दर्ज नहीं की। महिला थाना पुलिस का कहना है कि स्पा सेंटरों पर ऐसा कुछ नहीं मिला जो अपराध की श्रेणी में हो। वहां पर जो लोग मिले, उनको हिदायत देकर छोड़ा गया। साथ ही चेतावनी दी गई कि किसी भी तरह से कानून का उल्लंघन न किया जाए। शहर थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि शाम तक उनके यहां पर थाने में इस बारे में कोई एफआईआर दर्ज नहीं हुई है।