साल्हावास। गांव सुंदरहेटी में हुई किसान गजे सिंह की हत्या के आरोपियों का अब तक सुराग नहीं लगा है। इसके लिए पुलिस की पांच टीमें काम कर रही हैं। पुलिस ने आरोपियों के नजदीक के रिश्तेदारी में गांव बहू, रेवाड़ी, बावल, गोकुलगढ़ आदि संभावित ठिकानों पर दबिश दी लेकिन अभी किसी की कोई गिरफ्तारी नहीं हुई।
वीरवार रात जमीनी विवाद के चलते 57 वर्षीय किसान गजे सिंह की उसके ही परिवार के लोगों ने तेजधार हथियारों से काटकर हत्या कर दी। जिस समय वारदात को अंजाम दिया गया, उस समय गजे सिंह पशुबाडे में सोया हुआ था। इस मामले में मृतक के बेटे मोहित द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के आधार पर सुंदरहेटी गांव के पूर्व सरपंच रामेहर सहित 14 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
इसमें रामेहर, संजय, सूरत, दिनेश, मनोज, ओमबीर, सोमबीर, कर्मबीर, जयवीर, प्रदीप, अशोक, शकुन, सुशील पत्नी सूरत, सुनीता पत्नी संजय, निवासी सुंदरहेटी आरोपी बनाए गए हैं।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा पांच टीमों का गठन किया गया है। सीआईए झज्जर, बेरी व मातनहेल चौकी, साइबर शैल तथा थाना साल्हावास की अलग-अलग टीम इस मामले में गठित की हुई हैं, लेकिन अभी तक सभी आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर बताए जा रहे हैं।