झज्जर। पुलिस की तरफ से आमजन को साइबर अपराध से बचाव यातायात नियमों का पालन तथा नशे के दुष्प्रभाव के प्रति जागरूक करने का अभियान लगातार जारी है। अभियान के तहत वीरवार को बहराणा के निजी स्कूल में यातायात समन्वय उपनिरीक्षक सत्य प्रकाश की टीम ने द्वारा स्कूल के विद्यार्थियों को साइबर अपराध से सुरक्षा, यातायात के नियमों का पालन व नशे के दुष्प्रभाव बारे विद्यार्थियों को जानकारी दी गई। उपनिरीक्षक सत्यप्रकाश ने कहा कि आपके माता-पिता बहुत मेहनत से पैसे कमाते हैं। जरा सी लापरवाही के कारण अक्सर लोग ऑनलाइन ठगी का शिकार हो जाते हैं, इसलिए हमें किसी भी सूरत में बैंक खातों से संबंधित कोई भी जानकारी व पासवर्ड या ओटीपी किसी के साथ भी शेयर नहीं करना चाहिए। किसी के पास किसी भी प्रकार का कोई अज्ञात मैसेज आता है तो उस पर क्लिक नहीं करना है। अगर फिर भी किसी के साथ साइबर क्राइम की घटना घट जाती है तो तुरंत साइबर हेल्प लाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें। उन्होंने कहा कि यातायात के नियमों का पालन करके हम सड़क दुर्घटनाओं को रोक सकते हैं। साथ ही बताया कि नशा एक भयानक बीमारी है हम सभी को इससे दूर रहना चाहिए। क्योंकि युवा नशा करके आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त हो जाते हैं। हमें अपने समाज को नशे व साइबर क्राइम से बचाना है। इस दौरान प्रिंसिपल संगीता नैन मौजूद रही।