दुकानदारों व लोगों को हिदायत देती पुलिस। संवाद
- फोटो : Jhjhar
झज्जर। शहर के बाजार और सब्जी मंडी में लोग नियमों का पालन पूरी तरह से नहीं कर रहे हैं। लोग सामाजिक दूरी एकदम भूल चुके हैं। यह लापरवाही लोगों को भारी पड़ सकता है। शहर की सब्जी मंडी में सुबह पहुंची पुलिस ने नियमों का पालन नहीं करने वाले मासाखोरों को खदेड़ दिया। उन्हें चेतावनी भी दी है।
लॉकडाउन के दौरान दुकानों का समय सुबह 9:00 से 3:00 बजे तक है। बाजारों में दुकानों पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन होता दिखाई नहीं दे रहा है। काफी दुकानों के सामने सोशल डिस्टेंस के लिए गोले लगाए गए हैं, लेकिन लोग इनमें न खड़े होकर दुकानों के अंदर भीड़ लगा रहे हैं। वहीं, शहर की सब्जी मंडी में सुबह 5:00 से 11:00 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है, लेकिन वहां पर सब्जी खरीदने के लिए दुकानदारों के अलावा आम नागरिक भी पहुंच रहे हैं। मंडी में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं हो रहा है। यहां पर पुलिस की टीमें भी तैनात रहती हैं। उसके बावजूद भी यहां लोग नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं।
शहर पुलिस थाना प्रभारी नरसिंह ने बताया कि शहर की सब्जी मंडी में मासाखोरों को चेतावनी दी गई है कि वे नियमों का पालन करते हुए दुकानें नहीं लगाएंगे। निर्धारित समय के अनुसार दुकानों को बंद कराया जा रहा है। जो लोग नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं, उनके चालान भी काटे जा रहे हैं।